
यात्रा से पहले पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लेते निशांत कुमार
Bihar Politics:बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जदयू नेता निशांत कुमार ने आज औपचारिक रूप से अपनी 'सद्भाव यात्रा' की शुरुआत कर दी। निशांत कुमार अपनी यात्रा ऐतिहासिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चंपारण की धरती से करेंगे, जहां वो पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगे। यात्रा के लिए पटना से रवाना होने से पहले निशांत ने पिता नीतीश से आशीर्वाद लिया और राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा की। इसके बाद वो पार्टी दफ्तर पहुंचे। जहां जदयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने शंख और तुरही बजाकर निशांत का भव्य स्वागत किया।
जदयू कार्यालय से रवाना होते समय निशांत कुमार ने अपनी यात्रा के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा, 'हमने इसे सद्भाव यात्रा नाम दिया है। इसका यही मतलब है कि सबको साथ लेकर चलना है।' चंपारण से यात्रा की शुरुआत करने का कारण बताते हुए निशांत ने कहा, 'गांधी जी ने भी चंपारण की धरती से अपना पहला सत्याग्रह किया था। पिताजी ने भी यहीं से अपनी सारी यात्राएं शुरू की। मैं भी वहीं से अपनी यात्रा की शुरुआत कर रहा हूं।'
निशांत कुमार अपनी इस यात्रा पर उसी 'निश्चय रथ' पर सवार होकर निकले हैं, जिसका उपयोग नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक यात्राओं के दौरान किया था। निशांत के लिए इस गाड़ी में कोई विशेष बदलाव या निजी ब्रांडिंग भी नहीं की गई है। फूलों से सजी उनकी गाड़ी पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और समर्थन के बीच पटना से बाहर निकली।
यात्रा के पहले दिन निशांत कुमार पश्चिम चंपारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। 4 मई के लिए निशांत कुमार के कार्यक्रम में वाल्मीकिनगर में जंगल सफारी शामिल है। पटना से चंपारण तक के रास्ते में कई जगहों पर उनके स्वागत के लिए भव्य इंतजाम किए गए हैं। वैशाली जिला कार्यालय, मुजफ्फरपुर के सकरी चौक, पूर्वी चंपारण के महेंद्र चौक और की स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए फूल-माला, जेसीबी आदि लेकर तैयार खड़े हैं।
JD(U) और NDA के नेताओं ने निशांत कुमार की इस सक्रिय भागीदारी पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि निशांत कुमार को पूरी पार्टी की ओर से शुभकामना है और पार्टी के सभी लोग उत्साहित हैं। निशांत कुमार की यात्रा निश्चित रूप से सफल होगी। जदयू नेता राजीव रंजन ने निशांत कुमार की सद्भावना यात्रा पर कहा कि निशांत कुमार से बिहार की जनता की अपेक्षाएं काफी बड़ी हैं। पार्टी के कार्यकर्ता भी उत्साहित हैं। पार्टी की नीतियों, कार्यक्रम और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम निशांत करेंगे।
पूर्व मंत्री और जदयू विधानमंडल दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत कुमार की यह यात्रा शुभ और शानदार होगा। आपस में प्रेम का, आपस में मोहब्बत का, आपस में भाईचारे का यात्रा होगी। निशांत कुमार जमीनी स्तर की सच्चाई को परखेंगे, जानेंगे, समझेंगे और समझ-बूझ करके इस विरासत को और भी ऊंचाई पर ले जाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझावों से सरकार को ताकत देंगे।
Published on:
03 May 2026 01:10 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
