
Guru Rahman on Patna Coaching War: बिहार के दो मशहूर शिक्षकों के कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी और खान ग्लोबल स्टडीज के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले पर पटना के सबसे सीनियर और सम्मानित शिक्षकों में से एक गुरु रहमान (मोहम्मद मोतिउर रहमान) ने नया बयान दिया है। एक टीवी डिबेट के दौरान काफी गुस्से में दिखे गुरु रहमान ने खान सर (फैसल खान) को फ्रॉड बताया और रोशन आनंद व खान सर दोनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे शिक्षा के क्षेत्र को बदनाम कर रहे हैं।
पटना में 1994 से छात्रों को पढ़ा रहे और साल 2007 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में पूर्व राष्ट्रपति मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों 'गुरु' की उपाधि पा चुके गुरु रहमान ने पटना के कोचिंग माफियाओं की पोल खोलकर रख दी।
गुरु रहमान ने कहा, "मैं पिछले तीन दशकों से बिहार के बच्चों को पढ़ा रहा हूं। हमारे समय में शिक्षकों के बीच इस तरह की कड़वाहट, रंजिश या गुंडागर्दी कभी नहीं हुआ करती थी। लालू जी के शासन काल में गोलियां चलीं, टीचर मारे गए, लेकिन दो शिक्षकों के बीच काभी किसी तरह का मतभेद नहीं रहा। लेकिन साल 2018 के बाद से माहौल पूरी तरह से बदल गया है। फैजल खान और रोशन आनंद जैसे लोगों ने मिलकर छात्रों के रिजल्ट को खरीदने और बेचने का एक धंधा बना लिया है।"
गुरु रहमान ने दोनों कोचिंग संस्थानों द्वारा किए जाने वाले भारी-भरकम सिलेक्शन के दावों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो कोचिंग संस्थान 10,000 या 12,000 सिलेक्शन की होर्डिंग्स टांगते हैं, वे असल में छात्रों की कड़ी मेहनत को चंद पैसों के दम पर अपने नाम से बाजार में बेच रहे हैं और यह सब सिर्फ और सिर्फ मार्केटिंग का एक गंदा खेल है।
इस पूरे कोचिंग विवाद और कानूनी कार्रवाई में पुलिस के रवैए पर सवाल उठाते हुए गुरु रहमान ने सीधे तौर पर खान सर को निशाने पर लिया। उन्होंने बिना किसी झिझक के कहा, "फैजल खान एक फ्रॉड और झूठे इंसान हैं। उन्होंने अपनी बातों को बदलने और पल-पल झूठ बोलने में महारत हासिल कर ली है।"
गुरु रहमान ने पटना पुलिस के एक्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस 2 जून की घटना (खान सर के संस्थान पर हमला) के कारण रोशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, उसी मामले में खान सर के झूठ भी सबके सामने आए हैं। उन्होंने मांग की कि अगर रोशन आनंद पर कार्रवाई हुई है, तो खान सर के झूठ बोलने और विवादों को देखते हुए उन पर भी तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी।
शिक्षकों की बदलती लाइफस्टाइल पर गुरु रहमान ने कहा कि आज शिक्षक सिर्फ इंस्ट्रक्टर बनकर रह गए हैं। गुरु रहमान ने कहा, "आजकल के शिक्षकों का ध्यान पढ़ाने से ज्यादा सेलिब्रिटी बनने पर है। दिन भर सोशल मीडिया पर रील बनाना, तगड़ी मार्केटिंग करना और अपने आगे-पीछे बाउंसर लेकर चलना ही आज के शिक्षकों की पहचान बन चुका है। जो लोग सिर्फ रटवाने का काम करते हैं या मार्केटिंग के दम पर जी रहे हैं, वे गुरु कहलाने के लायक नहीं हैं। आज जो हालात पटना में बन चुके हैं, मुझे खुद को कोचिंग वाला कहलाने में शर्म आ रही है। यह पूरी घटना कोचिंग जगत के इतिहास में एक ऐसा कलंक है जिसे कभी धोया नहीं जा सकता।"