पटना

हीटवेव का असर: बिहार में स्कूलों की टाइमिंग बदली, 11:30 बजे के बाद कक्षाएं बंद

बिहार में इस बार अप्रैल में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। इसे देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।

2 min read
Apr 23, 2026
India heatwave 2026, IMD Heatwave Alert, IMD heatwave alert,
मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट किया जारी (Photo-IANS)

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बिहार में पिछले कई दिनों से तेज गर्मी पड़ रही है और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है।

इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य के कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। गुरुवार को कैमूर जिले में भी सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सुबह 11:30 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई। जिले के स्कूलों, प्री-स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की छुट्टी सुबह 11:30 बजे ही कर दी जाएगी। यह आदेश कोचिंग संस्थानों पर भी लागू होगा।

कैमूर में 42.7°C तापमान

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कैमूर जिले में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। विभाग ने कैमूर, औरंगाबाद और रोहतास समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। साथ ही, अनुमान है कि कैमूर में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

पटना में भी बदली स्कूल टाइमिंग

इससे पहले पटना जिला प्रशासन ने भी भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया था। पटना के डीएम त्यागराजन एसएम ने मंगलवार (21 अप्रैल, 2026) को इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक, पटना में कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल अब सुबह 11:30 बजे तक ही संचालित होंगे। राजधानी में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है और हीटवेव को लेकर पूर्वानुमान पहले ही जारी किया जा चुका है।

बिहार में हीटवेव का कहर

मौसम विभाग के अनुसार दिन के समय गर्म हवाएं चलने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर या सामान्य से 3–4 डिग्री अधिक रह सकता है। मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य के लोगों को अगले सात दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गयाजी में 42.2 डिग्री और रोहतास में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। साथ ही, आने वाले दिनों में तापमान में कम से कम 2 डिग्री तक और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

Updated on:
23 Apr 2026 09:59 pm
Published on:
23 Apr 2026 09:50 pm