पटना

रहें सावधान! बिहार में इस दिन से हड्डियां गलाने वाली ठंड देगी दस्तक, 5 डिग्री तक गिरेगा तापमान

Bihar weather: 15 दिसंबर के बाद बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, जहां तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद है। फिलहाल 10 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया है। 
2 min read
Dec 08, 2025
Cold wave and dense fog warning issued by IMD
Cold wave and dense fog warning issued by IMD

Bihar Weather: बिहार में ठंड ने अब अपना असली तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिज़ाज तेजी से बदल रहा है और अगले कुछ दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, 15 दिसंबर के बाद राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की दस्तक हो सकती है। इस दौरान की जिलों में रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को हड्डियां कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई ठंड की रफ्तार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब साफ तौर पर बिहार में भी दिखने लगा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा प्रभाव मैदानी इलाकों की ठंडी हवाओं पर पड़ रहा है। बिहार में पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने से ठिठुरन और कड़ाके की सर्दी का एहसास कई गुना बढ़ गया है। दिन में धूप जरूर निकल रही है, लेकिन हवा की वजह से उसका असर बेअसर साबित हो रहा है।

सुबह-शाम कोहरा

राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह और देर रात घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। कई इलाकों में विजिबिलिटी इतनी कम हो जा रही है कि वाहन चालकों के लिए सड़क पर चलना चुनौती बन गया है। खासकर पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, जमुई, बांका, पटना, गया, नवादा और औरंगाबाद में कोहरे का असर ज्यादा रहने का अनुमान है।

15 दिसंबर के बाद शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने साफ संकेत दिया है कि 15 दिसंबर के बाद बिहार में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। खासकर दक्षिण बिहार और पठारी इलाकों में ठंड का असर और तीखा रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे 24 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है।

19 जिलों में 10 डिग्री से नीचे गया पारा

बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य के करीब 19 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास या उससे नीचे दर्ज किया गया है। सबसे कम तापमान भभुआ और आसपास के इलाकों में रिकॉर्ड किया गया है। पछुआ हवाओं की वजह से रात का तापमान और तेजी से गिर रहा है।

अब ठंड सिर्फ सुबह-शाम नहीं, दिन में भी सताएगी

अब तक बिहार में ठंड का असर ज्यादातर सुबह और रात तक सीमित था, लेकिन अब हालात बदलने वाले हैं। 15 दिसंबर के बाद दिन में भी ठंडी हवा का असर बढ़ जाएगा। धूप निकलने के बावजूद ठंड का अहसास बना रहेगा। कपकपी छुड़ाने वाली ठंड अब लोगों को गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर देगी। वहीं, दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक ठंड का असर और तेज हो सकता है। क्रिसमस और नए साल के आसपास बिहार में सीजन की सबसे सर्द रातें देखने को मिल सकती हैं।

Updated on:
08 Dec 2025 07:02 am
Published on:
08 Dec 2025 07:02 am
Also Read
View All
चारा घोटाला मामले में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, जमानत रद्द करने की ED की मांग खारिज

बांकीपुर उपचुनाव में ट्रांसजेंडर प्रिया सिन्हा की एंट्री; निर्दलीय किया नामांकन, बोलीं- जनता काम देखती है, कद नहीं

‘दरोगा ने मारा या SP मारे’, भरत तिवारी एनकाउंटर केस में कोर्ट में गवाही, भाभी बोली- न्यायपालिका पर हम लोगों को भरोसा है

Bankipur By-election: तेजप्रताप यादव की उम्मीदवार वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर बेटी का भावुक बयान, बोली-‘मेरी मां निर्दोष हैं’

Bankipur By Election: तेज प्रताप यादव की उम्मीदवार वीणा मानवी को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी के कुछ ही देर बाद मिली जमानत