पटना

जदयू की डॉ. श्वेता गुप्ता कौन? बाहुबली आनंद मोहन के गढ़ में रचा था इतिहास, अब बनीं मंत्री

Bihar Cabinet Expansion: बाहुबली आनंद मोहन के गढ़ शिवहर से जदयू की विधायक सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल होने जा रही हैं। शिवहर से जीत कर आने वाली वो पहली महिला विधायक हैं। 
2 min read
May 07, 2026
dr, shweta gupta of jdu
संजय झा के साथ डॉ. श्वेता गुप्ता व अन्य (फोटो- FB@sanjay Jha)

Bihar Cabinet Expansion: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। मंत्री पद ग्रहण करने वाले नेताओं की इस सूची में जेडीयू की ओर से शामिल डॉ. श्वेता गुप्ता का नाम सबसे अधिक सुर्खियों में है। बाहुबली आनंद मोहन के गढ़ शिवहर विधानसभा सीट से इतिहास रचने वाली डॉ. श्वेता ने चिकित्सक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने शिवहर और आसपास के क्षेत्र में एक सफल डॉक्टर के रूप में पहचान बाने के बाद राजनीति में कदम रखा है।

शिवहर की आजादी के बाद पहली महिला विधायक

डॉ. श्वेता गुप्ता ने 2025 के विधानसभा चुनाव में वह कर दिखाया जो पिछले कई दशकों में कोई नहीं कर पाया था। बाहुबली आनंद मोहन का गढ़ माने जाने वाली शिवहर से डॉ. श्वेता ने शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने राजद के प्रत्याशी को 31,000 से अधिक वोटों के भारी अंतर से हराकर इतिहास रचा। वे आजादी के बाद शिवहर सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला विधायक बनीं। जेडीयू ने उन पर तब दांव खेला था जब वहां की राजनीति पूरी तरह पुरुष प्रधान और वर्चस्व की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती थी।

डॉक्टर से मंत्री तक का सफर

44 वर्षीय डॉ. श्वेता गुप्ता पेशे से एक चिकित्सक हैं और उन्होंने मेडिकल में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। राजनीति में आने से पहले उन्होंने सीतामढ़ी और शिवहर के इलाकों में एक डॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दीं, जिससे उनकी पहचान एक मददगार और संवेदनशील व्यक्ति के रूप में बनी। उनके पति डॉ. वरुण कुमार भी क्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक हैं। डॉ. श्वेता की सबसे बड़ी ताकत उनकी बेदाग छवि है। उनके खिलाफ एक भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, जो अभी की राजनीति में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

सम्राट कैबिनेट की सबसे अमीर मंत्रियों में शामिल

डॉ. श्वेता गुप्ता न केवल अपने काम और शिक्षा, बल्कि अपनी संपन्नता के लिए भी जानी जाती हैं। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति लगभग 28.4 करोड़ रुपये है। उनकी इस संपत्ति में 6.6 करोड़ की चल और 21.8 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। हालांकि, उन पर करीब 4.1 करोड़ रुपये की देनदारी भी है। जेडीयू कोटे से वे सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं, जिसका श्रेय उनके सफल चिकित्सकीय करियर और पारिवारिक व्यवसायों को जाता है।

Published on:
07 May 2026 10:52 am