
Bihar Politics बिहार में विधानसभा चुनाव के करीब आने के साथ ही एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में सरकार में मंत्री और जदयू नेता अशोक चौधरी पर प्रशांत किशोर ने दो सौ करोड़ की काली कमाई का आरोप लगाया है। इसके बाद से बिहार में सियासी तापमान बढ़ गया है। प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी पर ही नहीं बिहार एनडीए के चार और बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाया है।
प्रशांत किशोर की ओर से अशोक चौधरी पर लगाए गए गंभीर आरोप के बाद जदयू में भी दो फाड़ हो गया है। इस मुद्दे पर जदयू के सीनियर नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने मंत्री अशोक चौधरी को मीडिया के सामने अपनी सफाई देने को कहा। उन्होंने कहा कि आरोप गंभीर है। इसपर चुप चाप बैठने से काम नहीं चलेगा। इसका जवाब देना होगा। क्योंकि यह मामला सीएम नीतीश कुमार की छवि से जुड़ा है।
नीरज कुमार से इतर, जदयू के ही पार्टी प्रवक्ता अभिषेक झा ने इस मुद्दे पर कहा कि प्रशांत किशोर एक स्ट्रेटेजी के तहत यह सब करते हैं। क्योंकि जब तक वे ऐसा नहीं करेंगे तो मीडिया उनको क्यों कवरेज करेगा। वे पूरी प्लानिंग के तहत किसी की छवि को धूमिल करते हैं, किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हैं। ताकि मीडिया में उनका टीआरपी बढ़ा रहे। अभिषेक झा ने हालांकि यह जरूर कहा कि जिनपर आरोप लगे हैं वो तो अपनी स्थिति स्पष्ट कर देंगे। लेकिन, इसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि पार्टी अशोक चौधरी को लेकर दो खेमे में बंट गई है।
प्रशांत किशोर के आरोप पर मंत्री अशोक चौधरी की जगह उनकी बेटी और समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी ने पलटवार किया है। शांभवी चौधरी ने कहा कि प्रशांत किशोर में चुनाव से पहले ही हार की बौखलाहट दिख रही है। जो चीज है ही नहीं, उसे वो फील करने की कोशिश कर रहे हैं। जो चीज मेरे पास है, मेरे पिता के पास है, वो सब पहले से सार्वजनिक है। खुद वो भी अपने प्रेस कॉफ्रेंस में कह रहे हैं कि मेरे पास सबूत नहीं है।