
Neet Paper Leak Protest:NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में छात्रों का आंदोलन अब उग्र होता नजर आ रहा है। गुरुवार को जहानाबाद में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने जिला पदाधिकारी (डीएम) आवास की ओर मार्च किया। इस दौरान हालात बिगड़ने पर डीएम आवास के बाहर पथराव हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों को कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद किसी तरह हालात पर काबू पाया गया।
छात्र आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने सुबह से ही शहर के प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर रखी थी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने शाम के समय अपनी मांगों को लेकर मार्च निकाला और डीएम आवास तक पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, जब सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका तो कुछ छात्र उग्र हो गए और डीएम आवास पर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पथराव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।