
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान बढ़ गया है। 18 जून को दो सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले रांची में होटल पॉलिटिक्स शुरू हो गई है। मतदान से पहले NDA ने अपने सभी 24 में से 23 विधायकों को रांची के रेडिसन ब्लू होटल में ठहराया है। वहीं, कांग्रेस भी अपने सभी विधायकों को आज बीएनआर होटल में शिफ्ट करने की तैयारी में है।
एनडीए के 24 विधायक रेडिसन ब्लू होटल के 32 कमरों में ठहरेंगे। 18 जून को मतदान के दिन सभी विधायकों को यहीं से बस के जरिए एक साथ विधानसभा ले जाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, NDA समर्थित निर्दलीय राज्यसभा उम्मीदवार परिमल नाथवानी रांची के कैपिटल हिल होटल में ठहरे हुए हैं।
राज्यसभा की जिन दो सीटों पर मतदान होना है, उनमें से एक सीट झामुमो संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री Shibu Soren के निधन के बाद खाली हुई है। वहीं दूसरी सीट भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त हो रही है।
एनडीए और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला दूसरी सीट को लेकर है। कांग्रेस ने इस सीट से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि एनडीए ने निर्दलीय उम्मीदवार परीमल नाथवानी को समर्थन दिया है। इस सीट पर जीत के लिए 28 वोटों की आवश्यकता है। एनडीए के पास फिलहाल 24 विधायकों का समर्थन है, ऐसे में नाथवानी को जीत सुनिश्चित करने के लिए चार अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ गठबंधन के पास दोनों सीटें जीतने के लिए आवश्यक 56 वोटों का आंकड़ा मौजूद है।
वोटों पर सख्त निगरानी और विधायकों को एकजुट रखने के लिए झारखंड में होटल पॉलिटिक्स शुरू हो गई है। एनडीए के बाद अब कांग्रेस भी अपने सभी विधायकों को रांची के बीएनआर होटल में शिफ्ट करने जा रही है। कांग्रेस प्रभारी के. राजू को मतदान एजेंट बनाया गया है। वहीं, आरजेडी ने अपने विधायकों को गोलबंद रखने की जिम्मेदारी भोला यादव को सौंपी है। वे रांची पहुंच चुके हैं और कांग्रेस के पोलिंग एजेंट की भूमिका निभाएंगे।
रांची पहुंचने के बाद भोला यादव ने कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो, राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा, राधाकृष्ण किशोर और बंधु तिर्की के साथ चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया। इससे पहले कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो ने भी कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक कर रणनीति तय की।
बैठक के बाद कांग्रेस, आरजेडी और माले के विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। जो विधायक इस बैठक में शामिल नहीं हो सके, उन्हें भी बुधवार सुबह तक रांची पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।