Jharkhand Triple Murder: झारखंड के गिरिडीह में नंदू यादव नाम के एक पिता ने अपनी तीन बेटियों की सोते समय धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के दौरान, आरोपी की पत्नी और छोटा बेटा किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिता को गिरफ़्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jharkhand Triple Murder: झारखंड के गिरिडीह में एक पिता ने अपनी तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं आरोपी की पत्नी और बेटा वारदात के समय मौके से भाग गए, जिस वजह से उनकी जान बच गई। इस ट्रिपल मर्डर के पीछे अवैध संबंध का एंगल सामने आया है। घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे हुई। रोज की तरह पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। तभी आरोपी पिता नंदू यादव उर्फ नंदकिशोर यादव (45 वर्ष) ने घर में रखा धारदार हथियार उठाया और बिस्तर पर गहरी नींद में सो रही अपनी तीन बेटियों पर हमला कर दिया। उसने एक-एक करके तीनों मासूमों का गला रेत दिया। मृतकों में पल्लवी कुमारी (12 वर्ष) के अलावा जुड़वा बहनें 6 वर्षीय रिद्धि कुमारी और सिद्धि कुमारी शामिल थीं। तीनों मासूमों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और बिस्तर पर ही तड़पते हुए उनकी सांसें थम गईं।
चीख-पुकार सुनकर आरोपी की पत्नी राधा देवी की नींद खुल गई। अपनी आंखों के सामने बेटियों को खून से लथपथ देखकर वह स्तब्ध रह गई। पति नंदू यादव ने अपनी पत्नी और छोटे बेटे पर भी हमला करने की कोशिश की। लेकिन राधा देवी ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह अपने मासूम बेटे को गोद में लेकर बाहर भाग निकलीं। अंधेरे का फायदा उठाकर मां और बेटे ने पड़ोसियों के घर में शरण ली और शोर मचाया, जिससे दोनों की जान बच गई।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी नंदकिशोर यादव एक फैक्ट्री में ड्राइवर का काम करता था। कुछ समय से उसका दूसरे गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा था। इस वजह से पति-पत्नी के बीच रोजाना झगड़े और विवाद होते थे। सोमवार सुबह भी इसी बात को लेकर घर में तनाव बढ़ गया था, जिसके बाद सनकी पिता ने अपनी ही बेटियों की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर SDPO जीतबाहन उरांव और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से ही आरोपी पिता नंदू यादव को गिरफ्तार कर लिया, जो भागने की कोशिश कर रहा था। सदर SDPO जीतबाहन उरांव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह और अवैध संबंध की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया मुख्य धारदार हथियार घटनास्थल से ही बरामद कर लिया। सबूतों को सुरक्षित रखने और वैज्ञानिक जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने अपराध स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट व खून के नमूने लिए। पुलिस ने तीनों लड़कियों के शवों को अपनी कस्टडी में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डॉक्टरों के एक विशेष मेडिकल बोर्ड द्वारा शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।