पटना

बिहार: रील बनाकर ‘दोस्ती’ बढ़ाना पड़ा भारी, वर्दी में वीडियो पर महिला SI पर कार्रवाई की तैयारी

पुलिस मुख्यालय की रोक के बावजूद महिला पुलिसकर्मियों द्वारा वर्दी में रील और शॉर्ट्स बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर लगाम नहीं लग पा रही है। अब ऐसा ही एक ताजा मामला खगड़िया से सामने आया है।
2 min read
Apr 25, 2026
Feature image
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

सोशल मीडिया पर वर्दी में फिल्मी गानों पर रील बनाकर फैन-फॉलोअर्स बढ़ाना एक महिला सब-इंस्पेक्टर के लिए भारी पड़ गया है। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला बिहार के खगड़िया जिले का है, जहां परबत्ता थाना में तैनात महिला एसआई निशा कुमारी के वर्दी में फिल्मी गानों पर टशन दिखाते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो सामने आते ही पुलिस मुख्यालय ने इस पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वर्दी में रील पर सख्त गाइडलाइन

पुलिस मुख्यालय ने वर्दी में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने को लेकर कुछ दिन पहले ही सख्त गाइडलाइन जारी की थी। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में इसी मामले में पुलिस मुख्यालय ने पूर्णिया में एक दारोगा और करीब 50 महिला पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके कुछ ही दिनों बाद खगड़िया से ऐसा ही एक नया मामला सामने आया है।

रील पर एक्शन वीडियो डिलीट

वीडियो वायरल होने के बाद गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने सख्त रुख अपनाते हुए महिला सब-इंस्पेक्टर से इस अनुशासनहीनता पर जवाब-तलब किया है। सूत्रों के अनुसार, एसडीपीओ ने संबंधित पदाधिकारी को कड़ी हिदायत दी है कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियम सभी के लिए समान हैं और पुलिस की वर्दी की गरिमा से किसी को समझौता करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इधर, महिला सब-इंस्पेक्टर निशा कुमारी ने पिछले कुछ महीनों में कई फिल्मी गानों पर रील बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए थे। मामला सामने आने के बाद उन्होंने अपने इंस्टाग्राम से सभी वीडियो हटा दिए हैं।

SP के लौटते ही तय होगी कार्रवाई

खगड़िया के एसपी फिलहाल छुट्टी पर हैं। बताया जा रहा है कि उनके लौटने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके वापस आने पर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा, जिसके बाद उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यह भी जानकारी सामने आई है कि निशा कुमारी ने कई अलग-अलग जगहों पर रील शूट की थी, जिसकी जांच अब पुलिस कर रही है।

Updated on:
25 Apr 2026 12:08 pm
Published on:
25 Apr 2026 12:07 pm
Also Read
View All
‘राइज एंड फॉल 2’ के लिए रवाना हुए तेज प्रताप, बोले- मनीष कश्यप के साथ मुंबई में धमाल मचाएंगे, बिहार का नाम रोशन करेंगे

बागेश्वर बाबा की रथ यात्रा पर RJD विधायक भाई वीरेंद्र का हमला, बोले- भारत धर्मनिरपेक्ष, नहीं बन सकता हिंदू राष्ट्र

Tejashwi Yadav: ‘हमें बहुत शर्म आ रही है, लेकिन सरकार को कोई एहसास नहीं’, जमुई छेड़खानी मामले में तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर उठाये सवाल

जमुई छेड़खानी कांड पर तेज प्रताप यादव बोले- बिहार में कोई महिला सुरक्षित नहीं, हमें भी बाहर निकलने पर डर लगता है

Bihar Politics: बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अपने पद से दिया इस्तीफा