पटना

खान सर के चाचा ने खोली पोल, बोले- उसे कुछ नहीं आता, उसकी डिग्री भी फर्जी; पड़ोसियों ने भी लगाया धमकाने का आरोप

Khan Sir: पटना के कोचिंग सेंटर में हुई गोलीबारी को लेकर खान सर चारों तरफ से विवादों में घिर गए हैं। देवरिया में रहने वाले खान सर के चाचा ने दावा किया है कि खान सर की डिग्रियां फर्जी हैं। वहीं, उनके पड़ोसियों ने भी उन पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया है।

3 min read
Jun 07, 2026
khan sir
फैजल खान उर्फ खान सर

Khan Sir: पटना के कोचिंग इंस्टीट्यूट खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले और उसके बाद सुरक्षा गार्डों द्वारा हवा में गोली चलाने की घटना के बाद विवादों में घिरे फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन के आरोप में FIR दर्ज होने के बाद उन पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। इस बीच उनके परिवार के लोग और पड़ोसी भी इस विवाद का हिस्सा बन गए हैं। उत्तर प्रदेश के देवरिया में उनके पैतृक गांव में रहने वाले उनके चाचा और पड़ोसियों ने कई खुलासे किए हैं।

डिग्री फर्जी है, बस बोलने में माहिर है- खान सर के चाचा

खान सर के पैतृक गांव देवरिया में रहने वाले उनके सगे चाचा निसार अहमद खान ने खान सर की डिग्री और क्वालिफिकेशन को पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने कहा, 'खान के पास कोई खास शैक्षणिक योग्यता नहीं है, वो यहीं मिशन स्कूल में पढ़ा हुआ है। उसके पास कोई खास डिग्री नहीं है, सब फर्जी हैं और इधर-उधर से जुगाड़ किया हुआ है। उसे असल में कुछ नहीं आता है। वह बस बोलने में बहुत माहिर है और अपनी भाषा शैली की वजह से आजीविका चला रहा है।'

यही नहीं, खान सर के एक और चाचा मोहम्मद इमरान ने भी उन्हें 'शिक्षा माफिया' और 'नटवरलाल' करार दिया है। इमरान का आरोप है कि खान सर ऑनलाइन क्लासेस के जरिए देश भर के लाखों छात्रों को धोखे में रख रहे हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खान सर पैसे के घमंड में चूर हैं, गंदे नेचर के हैं और अपने सामने किसी को आगे बढ़ता हुआ नहीं देखना चाहते। चाचा ने यहां तक दावा किया कि कोचिंग से अगर 10 बच्चे पास होते हैं, तो वे प्रचार में उसे 20 बताते हैं।

पड़ोसियों ने पद और पैसे के दम पर धमकी देने का लगाया आरोप

पारिवारिक कलह और आरोपों के बीच देवरिया में खान सर के पड़ोसियों ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पड़ोसियों का आरोप है कि खान सर ने अपने रसूख, पद और पैसे का गलत इस्तेमाल करते हुए इलाके के लोगों को प्रताड़ित करने की कोशिश की है। एक पड़ोसी ने बताया, 'हाल ही में हमारे मोहल्ले में एक विवाद हुआ था। खान सर ने अपनी स्थिति और पैसे के बल पर हमें और आसपास के अन्य निवासियों को डराने-धमकाने और दबाने का प्रयास किया। हद तो तब हो गई जब हमारे घर की बाउंड्री वॉल को भी जबरन ढहा दिया गया।'

गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की तैयारी

इधर, खान सर पर कानूनी तलवार भी लटक रही है। पटना पुलिस ने उन पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, जिससे बचने के लिए वे सोमवार को अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की तैयारी में हैं। उनके वकील अरविंद कुमार महुआर ने बताया कि खान सर के सरेंडर करने का कोई इरादा नहीं है। वकील का दावा है कि उनके क्लाइंट की वजह से फायरिंग नहीं हुई थी, बल्कि गार्ड्स ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की थी, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। वकील ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम जबरन घसीटा है ताकि उन्हें बदनाम किया जा सके, क्योंकि खान सर के स्टाफ ने 2 जून को ही विपक्षी डायरेक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

कोचिंग सील होने का खतरा

कानूनी और पारिवारिक मोर्चे के अलावा खान सर की कोचिंग 'खान ग्लोबल स्टडीज' के बंद होने का खतरा भी पैदा हो गया है। बिहार फायर सर्विस के डीआईजी मनोज नट ने कोचिंग का निरीक्षण करने के बाद साफ कहा है कि संस्थान में फायर सेफ्टी के मानकों में भारी कमियां पाई गई हैं। अगर 15 दिनों के भीतर इन कमियों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कोचिंग को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा।

Updated on:
07 Jun 2026 12:00 pm
Published on:
07 Jun 2026 11:59 am