पटना

कोचिंग विवाद और FIR के बीच भावुक हुए खान सर, बताया पिता ने मुश्किल वक्त में कैसे बढ़ाया हौसला

Khan Sir: खान सर का एक लाइव क्लासरूम सेशन का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने पिता का एक संदेश शेयर कर रहे हैं। खान सर ने बताया कि इस मुश्किल समय में उनके पिता ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके विरोधी चाहे कितनी भी साजिशें क्यों न रच लें, अगर उन्होंने ज़िंदगी में कुछ गलत नहीं किया है तो कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। 

3 min read
Jun 07, 2026
khan sir controversy
पटना के चर्चित शिक्षक खान सर

Khan Sir: बिहार की राजधानी पटना का मुसल्लहपुर हाट इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। 'खान ग्लोबल स्टडीज़' के फाउंडर खान सर और 'ज्ञान बिंदु GS एकेडमी' के डायरेक्टर रोशन आनंद के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने दोनों को मुश्किल स्थिति में डाल दिया है। इसी बीच, खान सर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे एक लाइव क्लास के दौरान छात्रों से बात करते हुए भावुक नज़र आ रहे हैं। वीडियो में खान सर ने न सिर्फ अपने अंडरग्राउंड होने की खबरों को गलत बताया, बल्कि इस मुश्किल दौर में अपने पिता से मिले हौसला बढ़ाने वाले संदेश का भी ज़िक्र किया।

पिता ने बढ़ाया खान सर का हौसला

खान सर ने अपने पिता की सीख और उनके द्वारा फोन पर कही गई बातों का जिक्र किया। खान सर ने कहा, 'पिता आखिर पिता होते हैं। मेरे पिताजी ने मुझसे कहा कि बेटा, जिस तरह से लोग तुम्हारे खिलाफ साजिश रच रहे हैं और टीवी-न्यूज चैनलों पर दिखा रहे हैं, अगर तुमने अपने जीवन में कभी भी कोई एक गलती या गलत काम किया होता, तो ये लोग आज तुम्हें टांग देते।'

खान सर के मुताबिक, उनके पिता ने कहा कि यह पूरा विवाद असल में उनकी ज़िंदगी का एक तरह से पूरा ऑडिट साबित हुआ है। विरोधियों और जांच एजेंसियों ने हर चीज की बारीकी से जांच की, फिर भी कोई गड़बड़ी या कमी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि अगर कोई गड़बड़ी होती, तो उनके विरोधी आज उन्हें किसी काम का नहीं छोड़ते।

सिक्योरिटी गार्ड्स को लेकर भी खान सर ने दी सफाई

खान सर ने 2 जून की रात कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और उसके बाद पुलिस द्वारा उनके दो पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड्स की गिरफ्तारी पर भी नाराजगी जाहीर की। उन्होंने कहा, 'पुलिस हमारे गार्ड्स को ले गई है। अब आप ही बताइए कि अगर कोई हम पर या कोचिंग सेंटर पर दोबारा हमला करता है, तो क्या हम उन पर फूल बरसाएं या हाथ जोड़कर खड़े रहें और उनके आने और हमें मारने का इंतजार करें?'

अपने सिक्योरिटी गार्ड का बचाव करते हुए खान सर ने उन्हें गरीब परिवार का एक सीधा-सादा नौजवान बताया, जो रात में कोचिंग सेंटर की सुरक्षा करने के अलावा गाय का दूध निकालने और आवारा कुत्तों को खाना खिलाने जैसे काम भी करता था। उन्होंने दावा किया कि गार्ड का एकमात्र अपराध यह था कि उसने एक मरते हुए बच्चे को बचाने के लिए और आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की थी, ताकि भीड़ उस पर जानलेवा हमला न कर दे।

अस्पताल पर भी हो सकता है हमला - खान सर

वीडियो में, खान सर ने अपनी सुरक्षा से ज्यादा उस चैरिटी अस्पताल की चिंता जताई जिसे वे चलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विवाद सिर्फ कोचिंग सेंटर के दबदबे की लड़ाई नहीं है, बल्कि उस उम्मीद को भी तोड़ने की कोशिश है जिसके तहत गरीब मरीजों का महज 50 रुपये में इलाज किया जा रहा है। खान सर ने आशंका जताई कि उनके विरोधी उनकी तरक्की को रोकने के लिए अस्पताल पर हमला कर सकते हैं। भावुक होते हुए खान सर ने कहा कि आत्मरक्षा में की गई फायरिंग को जिस तरह से घुमाकर पेश किया गया है, उसे देखकर अब ऐसा लगता नहीं है कि ऊपर वाले का दिया यह जीवन ज्यादा दिनों तक चलेगा।

क्या है विवाद?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब ज्ञान बिंदु एकेडमी के ठीक बगल में खान सर के इंस्टिट्यूट का एक बड़ा होर्डिंग लगाया गया, जिसमें दरोगा भर्ती परीक्षा में 12,000 छात्रों के चुने जाने का दावा किया गया था। रोशन आनंद की ज्ञान बिंदु एकेडमी के समर्थकों को लगा कि खान सर क्रेडिट लेने के लिए उनके इलाके में दखल दे रहे हैं। इसके बाद 2 जून की रात को खान सर के कोचिंग सेंटर पर पत्थरबाजी और तोड़-फोड़ की गई।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद मामले में एक नया मोड़ आ गया जब खान सर के गार्ड्स का हवा में गोली चलाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ और गार्ड्स ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर गोली चलाई थी। इसके बाद, पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है।

Published on:
07 Jun 2026 01:13 pm