पटना

खान सर की तलाश में SIT की ताबड़तोड़ रेड, लोकेशन ट्रेस करने में जुटी DIU; जमानत याचिका पर कल होगी सुनवाई

Khan Sir News: पटना में कोचिंग से जुड़े एक विवाद में मशहूर टीचर खान सर के पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) और डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट (DIU) की टीमें खान सर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। 

2 min read
Jun 08, 2026
Khan Sir News
खान सर (फोटो- Khan Sir Instagram)

Khan Sir News: बिहार की राजधानी पटना में दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद आपराधिक मामले में बदल गया है। 'खान ग्लोबल स्टडीज' के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर कई दिनों से फरार बताए जा रहे हैं। कदमकुआं पुलिस स्टेशन में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन जैसे आरोपों में FIR दर्ज होने के बाद, पटना पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टेक्निकल विंग डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट (DIU) को भी काम पर लगाया गया है, वे सर्विलांस और टेक्निकल सुरागों का इस्तेमाल करके खान सर की सही लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच, जेल जाने से बचने के लिए खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर मंगलवार को सुनवाई होनी है।

कई जिलों में एसआईटी की दबिश

गिरफ्तारी से बचने की खान सर की कोशिशों को लेकर पुलिस प्रशासन सख़्त रुख अपना रहा है। पुलिस की स्पेशल टीमें न सिर्फ पटना में, बल्कि उनके पैतृक घर और पटना के कई पड़ोसी जिलों में भी छापेमारी कर रही हैं। DIU की टीम कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है ताकि लोकेशन ट्रेस किया जा सके। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून के सामने सब बराबर हैं। कोई व्यक्ति कितना भी मशहूर क्यों न हो, सबूतों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।

कल कोर्ट में सुनवाई

सोमवार को खान सर के वकीलों द्वारा दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में बहस होनी है। खान सर के कानूनी सलाहकारों का तर्क है कि उनके क्लाइंट को जान-बूझकर इस मामले में घसीटा जा रहा है और उन्होंने गार्ड्स को सिर्फ अपनी सुरक्षा या भीड़ को काबू में रखने के लिए निर्देश दिए थे। वहीं, दूसरी तरफ ज्ञान बिंदु कोचिंग का पक्ष रखने वाले वकील जमानत याचिका का विरोध करने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस पहले ही कोर्ट में केस डायरी जमा कर चुकी है।

वहीं, खान सर के गार्ड्स की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पहले ही उनके आपराधिक इतिहास के बारे में विस्तृत रिपोर्ट और जानकारी मांगी थी। इस मामले की सुनवाई 10 जून को होनी है। इसके अलावा, कोर्ट मंगलवार को ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुना सकता है। खान सर के वकीलों ने रौशन आनंद सर की जमानत का विरोध किया है।

Published on:
08 Jun 2026 06:38 pm