
Bihar Politics राबड़ी देवी की सुरक्षा घटाने और बंगला खाली करने के मुद्दे पर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “सब पागल हो गए हैं, जिसको जो करना है करें। हम इसकी परवाह नहीं करते हैं।” साथ ही उन्होंने कहा कि वे लोग घृणा फैला रहे हैं, लेकिन इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। रविवार रात सिंगापुर से दिल्ली पहुंचने के बाद एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत में लालू प्रसाद ने ये बातें कहीं। इस दौरान लालू प्रसाद की बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती ने बंगला खाली करने से जुड़े सवाल पर कहा कि वे लोग 15 दिनों के नोटिस से पहले बंगला खाली कर देंगे। वहीं, लालू परिवार की सुरक्षा घटाने के सवाल पर लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार सरकार को राबड़ी देवी और उनके परिवार को दी गई सुरक्षा की और अधिक जरूरत है। इसी वजह से परिवार के सभी सदस्य अपनी सुरक्षा वापस कर रहे हैं।
इससे पहले लालू प्रसाद ने राबड़ी आवास पर तैनात आरजेडी कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करते हुए कहा था कि “डरना नहीं, आप लालू के सिपाही हैं”, जिसके बाद “जय तेजस्वी, तय तेजस्वी” के नारे गूंजे। पिछले कुछ दिनों से राबड़ी देवी आवास और उनकी सुरक्षा को लेकर बिहार का सियासी तापमान लगातार बढ़ा हुआ है। राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद और तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में कटौती कर दी है। इससे नाराज राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस कर दिया है। वहीं मीसा भारती ने भी रविवार को अपनी सुरक्षा वापस करने की घोषणा की है, राबड़ी के फैसले के बाद 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास की सुरक्षा का जिम्मा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ में ले ली है। आवास खाली करने का नोटिस अब सियासी विवाद का केंद्र बन गया है। जिससे बिहार में राजनीति और गरमा गई है।
लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने कहा कि राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) 15 दिन के नोटिस से पहले खाली कर दिया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा में कटौती को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शायद बिहार सरकार को लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के सुरक्षाकर्मियों की कहीं अधिक आवश्यकता थी, इसलिए उनकी सुरक्षा घटा दी गई। उन्होंने आगे कहा कि लालू परिवार अपनी सुरक्षा सरकार को वापस कर रहा है और वे भी अपनी सुरक्षा लौटा रहे हैं।