
प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी ने शादी समारोह में खूनी साजिश को अंजाम देकर फरार हो गया। जख्मी प्रेमिका को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया है। यह घटना बिहार के बक्सर जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा नगर पंचायत की है। इस घटना से जुड़ा वीडियो बड़ी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो में दिख रहा है कि दूल्हा और दुल्हन जयमाला मंच पर खड़े हैं। आचानक से किसी ने दुल्हन को गोली मार दी। गोली लगते ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
यह घटना मंगलवार की रात की है। शादी समारोह अचानक से मातम में बदल गया। जब जयमाल के दौरान दुल्हन को उसके कथित उसके प्रेमी ने गोली मार दी। इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। इधर गोली लगने पर मंच पर ही दुल्हन गिर पड़ी। बाराती और ग्रामीण वहां से अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अफरा-तफरी का लाभ उठाते हुए आरोपी युवक भी मौके से फरार हो गया।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बारात बक्सर के चौसा पहुंची थी। जयमाल कार्यक्रम के लिए दुल्हन जैसे ही मंच पर पहुंची,तभी पड़ोस का एक युवक अचानक मंच पर चढ़ आया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही उसने दुल्हन और पिता पर गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन जख्मी होकर मंच पर ही गिर पड़ी। घटना के बाद समारोह स्थल पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। आरोपी युवक दुल्हन का पड़ोसी है। कुछ लोगों ने कहा कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि एकतरफा प्यार में युवक ने दुल्हन को गोली मार दिया। वह दुल्हन की शादी तय होने से ही नाराज था। इसी रंजिश की वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी थी।