पटना

स्कूल हॉस्टल में 6 साल के प्रेम की हत्या, टॉयलेट के पाइप से बंधी मिली लाश; चौथी के छात्र ने बताई आंखों देखी

Madhepura Hostel Murder: मधेपुरा में एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में UKG के 6 साल के छात्र प्रेम कुमार की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्चे का शव स्कूल के टॉयलेट में पाइप से बंधा हुआ था। इस मामले में चौथी के छात्र ने दावा किया है कि उसने आधी रात को दो लोगों को प्रेम का गला घोंटते हुए देखा था।

2 min read
Jun 07, 2026
madhepura hostel murder
मामले की छानबीन करने पहुंची पुलिस

Madhepura Hostel Murder: बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव में स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में रह रहे यूकेजी (UKG) के 6 वर्षीय छात्र आनंद प्रेम की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मासूम का शव रविवार की सुबह स्कूल के शौचालय में पाइप से गमछे के सहारे बंधा हुआ मिला। इसी हॉस्टल के ही एक चौथी कक्षा के छात्र ने बताया की उसने रात में दो लोगों को आनंद प्रेम के गला में रस्सी बांधकर मारते देखा।

चौथी के छात्र ने बताया आंखों देखा हाल

जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले चौथी क्लास के छात्र आकाश कुमार ने पुलिस और परिजनों के सामने जो गवाही दी, उसने सबके होश उड़ा दिए। मासूम आकाश ने बताया कि रात में करीब 12 बजे जब अचानक उसकी नींद खुली, तो उसने देखा कि दो लोग शौचालय के पास आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधकर उसे मार रहा था। प्रेम दर्द से बुरी तरह छटपटा रहा था। आकाश तुरंत इस बात की जानकारी सर (शिक्षकों) को देने भागा, लेकिन जब तक वो वापस आया, तब तक दोनों स्कूल के पीछे वाले रास्ते से भाग निकले थे।

परिजनों का आरोप

मृतक बच्चे की मां गुंजन देवी और दादी का सीधा आरोप है कि उनके बच्चे की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। गुंजन देवी ने रोते हुए बताया कि रविवार सुबह स्कूल संचालक सुनील कुमार ने उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी और जब वे स्कूल पहुंचीं, तो उन्हें मोबाइल में एक फोटो दिखाया गया, जिसमें उनका 6 साल का बेटा शौचालय के पाइप से बंधा हुआ था। इसके बाद स्कूल संचालक ने ही बच्चे के शव को घर तक पहुंचाया।

घटनास्थल सील, पुलिस कर रही जांच

वारदात की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया। पुलिस ने मासूम आनंद प्रेम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुरलीगंज के थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल की जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है।

Published on:
07 Jun 2026 02:05 pm