पटना

लोक गायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी में शामिल, RJD विधायक भी आए साथ, दिलीप जायसवाल ने दिलाई सदस्यता

भाजपा के मीडिया सेंटर में मंगलवार को आयोजित मिलन समारोह में मैथिली ठाकुर और आरजेडी विधायक भरत बिंद ने भाजपा का दामन थम लिया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दोनों को सदस्यता दिलाई। 
2 min read
Oct 14, 2025
मैथिली ठाकुर
बीजेपी मिलन समारोह (फोटो-पत्रिका)

बिहार की मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ले ली। पटना के होटल चाणक्य स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर राजद विधायक भरत बिंद ने भी पार्टी जॉइन किया है। इस मौके पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में महागठबंधन के कई और नेता एनडीए में शामिल होंगे।

संगीत से सियासत तक मैथिली ठाकुर का सफर

25 वर्षीय मैथिली ठाकुर का जन्म 25 जुलाई 2000 को बिहार के मधुबनी जिले में हुआ। बचपन से ही संगीत के प्रति गहरा लगाव था। उनके पिता रमेश ठाकुर संगीत शिक्षक हैं और वही उनके पहले गुरु भी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन मैथिली ने अपनी आवाज से न सिर्फ पहचान बनाई बल्कि बिहार की संस्कृति को देशभर में पहुंचाया। मैथिली ठाकुर ने छोटे मंचों से शुरुआत की, फिर सोशल मीडिया और रियलिटी शोज़ के ज़रिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। आज उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। लोकगीतों, भजन और पारंपरिक संगीत में उनकी खास पकड़ है।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नेतृत्व मैथिली ठाकुर को एक “यंग, कल्चरल और पोज़िटिव फेस” के तौर पर प्रमोट करना चाहता है। माना जा रहा है कि आने वाले चुनाव अभियान में वह भाजपा के लिए महिला और युवा वोटर्स को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। चर्चा ऐसी भी है कि मैथिली ठाकुर अलीनगर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।

आरजेडी को झटका

इसी मंच पर आरजेडी विधायक भरत बिंद ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। भरत बिंद बिहार के कैमूर जिले की भभुआ विधानसभा सीट के पूर्व विधायक हैं। उन्होंने 2020 में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक पद संभाला था। भरत बिंद ने 2010 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत जिला परिषद चुनाव जीतकर की थी। 2015 में उन्होंने बहुजन पार्टी से भभुआ विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन तब हार का सामना करना पड़ा था।

Updated on:
14 Oct 2025 05:38 pm
Published on:
14 Oct 2025 05:38 pm