पटना

CM Nitish Kumar Oath Ceremony में मैथिली ठाकुर और मनोज तिवारी करेंगे परफ़ॉर्म, लिट्टी-चोखा, मखाने का भी मिलेगा स्वाद

CM Nitish Kumar Oath Ceremony  नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले मेहमानों के लिए  चाय से लेकर नाश्ते तक की व्यवस्था की गई है। नाश्ते में निमकी, ढोकला, मठरी, बाढ़ की लाई और पिरूकिया जैसे बिहारी व्यंजन पेश किए जाएंगे।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2025, 8:16 AM IST
Feature image
बिहार के सीएम नीतीश कुमार। (फोटो- IANS)

CM Nitish Kumar Oath Ceremony नीतीश कुमार आज 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले रहे हैं। इस अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य तैयारियाँ की गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले विशेष मेहमानों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा बिहारी व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। बुधवार को नीतीश कुमार ने राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफ़ा सौंपते हुए नई एनडीए सरकार के गठन का दावा पेश किया था। इससे पहले एनडीए विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।

दो लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था

शपथ‑ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। पटना जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम में ढाई लाख से अधिक लोगों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अपनी तैयारी की है। समारोह में दो लाख लोगों के बैठने के लिए कुर्सियाँ लगाई गई हैं।

तीन मंच बनकर तैयार

शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन विशाल मुख्य मंच तैयार किए गए हैं, जिनमें से एक में शपथ‑ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह तथा अन्य केंद्रीय मंत्री और गठबंधन के प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अलग मंच

दूसरे पंडाल में शपथ‑ग्रहण समारोह में आए अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद तथा अन्य वीवीआईपी के बैठने की व्यवस्था की गई है। यहाँ लगभग 500 कुर्सियाँ लगाई गई हैं। तीसरे पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मैथिली ठाकुर और मनोज तिवारी तथा राज्य के प्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य‑संगीत‑गायन का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका संचालन कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, नवनिर्वाचित 243 विधायकों के बैठने के लिए एक अलग पंडाल बनाया गया है।

लिट्टी-चोखा और मखाने का भी मिलेगा स्वाद

शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले मेहमानों के लिए बिहारी पकवानों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, अन्य प्रदेशों से आने वाले अतिथियों के लिए उनके स्थानीय विशेष व्यंजनों की भी व्यवस्था है। सबसे पहले मेहमानों के सामने विभिन्न प्रकार की विशेष चाय परोसी जाएगी। इसके बाद नाश्ते में निमकी, ढोकला, मठरी, बाढ़ की लाई और पिरूकिया जैसे बिहारी व्यंजन पेश किए जाएंगे। हाई‑प्रोफ़ाइल हस्तियों की उपस्थिति को देखते हुए इस सर्विंग का पूर्वाभ्यास पहले ही कर लिया गया है।

Updated on:
20 Nov 2025, 8:16 AM IST
Published on:
Also Read
View All