पटना

लग्जरी कार में नई नवेली दुल्हनों का शातिर खेल, हरियाणा से बिहार तक चल रहे गैंग का पुलिस ने किया भंडाफोड़

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग ने शादीशुदा जोड़ियों की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रोहतक (हरियाणा) के दो दंपती सोनू-अजीत और राखी-दीपक लग्जरी कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर बिहार के छपरा होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचे थे।

2 min read
Jun 18, 2026
liquor smuggling
शराब के साथ गिरफ्तार महिला। फोटो-पत्रिका

Muzaffarpur News: हरियाणा से बिहार पहुंची दो नई नवेली जोड़ियों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनकी नई जिंदगी की शुरुआत जेल से होगी। लेकिन मुजफ्फरपुर पुलिस की सतर्कता के कारण ऐसा हुआ। पुलिस ने लग्जरी कार की तलाशी में ऐसा खुलासा किया कि दोनों जोड़ों को सुहाग की सेज के बजाय अपनी पहली रात जेल में गुजारनी पड़ी।

शराब तस्करी का खेल फेल

यह मामला हरियाणा के रोहतक जिले से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार दो दंपती—सोनू-अजीत और राखी-दीपक—शादी के बाद अपनी लग्जरी गाड़ी में भारी मात्रा में विदेशी शराब लादकर बिहार के छपरा होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। तस्करों को भरोसा था कि लग्जरी कार में नई नवेली दुल्हन के साथ सफर करने पर पुलिस उन्हें शक की नजर से नहीं देखेगी, लेकिन उनका यह दांव उल्टा पड़ गया। मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने गाड़ी को रोककर जांच की और एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।

शादी के जोड़े में शराब तस्करी

दरअसल, शादी के कुछ ही दिनों बाद से सोनू-अजीत और राखी-दीपक शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय हो गए थे। दोनों दंपती शादी के जोड़े में ही हरियाणा से बिहार तक शराब की तस्करी कर रहे थे। इससे पहले भी वे इसी तरीके से कई बार पुलिस की नजर से बच निकलते थे, लेकिन इस बार उनका यह दांव काम नहीं आया और पुलिस ने उनकी पूरी पोल खोल दी। सूत्रों के अनुसार, उत्पाद विभाग को लंबे समय से इस गिरोह के बारे में सूचना मिल रही थी कि हरियाणा की कुछ महिलाएं अपने पतियों के साथ मिलकर शराब की खेप मुजफ्फरपुर तक पहुंचा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे इलाके में मुखबिरों का जाल बिछाया। जैसे ही आरोपियों की लग्जरी गाड़ी छपरा बॉर्डर पार कर मुजफ्फरपुर के रेवा पुल के पास पहुंची, उत्पाद विभाग की टीम ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

मास्टरमाइंड की तलाश जारी

पुलिस ने दंपती की गाड़ी की जांच के दौरान करीब पांच लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की। इसके बाद उत्पाद विभाग की पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरपुर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन स्थानीय शराब कारोबारियों की तलाश की जा रही है जो इस पूरे गिरोह के मुख्य सूत्रधार हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े कनेक्शनों की गहन जांच में जुटी हुई है।

Updated on:
18 Jun 2026 10:59 am
Published on:
18 Jun 2026 10:48 am