
Bharat Tiwari Encounter: बिहार के भोजपुर जिले में 17 जून को हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले में विरोध जारी हैं। इसी कड़ी में, रविवार को हरियाणा के रोहतक में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ बयान दिया। जयहिंद ने मंच से घोषणा की कि जो कोई भी बिहार के मुख्यमंत्री को जूता मारेगा, उसे वे इनाम देंगे। उन्होंने कहा कि वे अपना वादा पूरा करने से पीछे नहीं हटेंगेभ, ले ही इसके लिए उन्हें अपनी किडनी ही क्यों न बेचनी पड़े। इस कार्यक्रम के दौरान जयहिंद समेत कई लोगों ने सामूहिक मुंडन भी करवाया।
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर के बाद से ही लगातार जारी विरोध के बीच रोहतक में एक शोक और संकल्प सभा का आयोजन किया गया था। इस दौरान मृत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि देते हुए नवीन जयहिंद ने खुद को भी प्रशासनिक निशाने पर बताया। उन्होंने कहा, "मैं भी बिहार के भरत तिवारी की तरह ही एक क्रांतिकारी हूं। उसका भी इसी व्यवस्था के खिलाफ खड़े होने के कारण एनकाउंटर कर दिया गया और अब मैं भी प्रशासन के निशाने पर आ गया हूं।"
नवीन जयहिंद ने इस दौरान कहा, "बिहार के सीएम को जो एक जूता मारेगा ना, उसको मैं 1 लाख रुपये का इनाम दूंगा भाई और जो कोई इसका कान उखाड़ेगा, उसे 5 लाख रुपये का इनाम मिलेगा। अगर इसका कोई थप्पड़ मारेगा ना, उसे 2 लाख रुपये का इनाम मिलेगा और जो कोई उसे सरेआम जूता मारेगा, उसे मैं 11 लाख रुपये का इनाम दूंगा। मेरे पास इतने रुपए अभी नहीं हैं, लेकिन मुझे अगर अपनी किडनी भी बेचनी पड़ी, तो जो ये काम करेगा, उसको हम ये इनाम जरूर देंगे।"
नवीन जयहिंद ने सिर्फ बिहार के सीएम पर ही नहीं, बल्कि भोजपुर के पुलिस कप्तान पर भी हमला बोला। उन्होंने एनकाउंटर करने वाली पुलिस टीम और जिले के एसपी पर कहा कि एक मां के बेटे को इस तरह मार दिया गया, उन्हें इसकी जवाबदेही तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी ने अपना बलिदान दिया है और उनके समर्थन में यहां जितने भी लोग आए हैं, वे सभी इस दमनकारी नीति के खिलाफ एकजुट हैं।