पटना

Neet Paper Leak Protest: पथराव के बीच पटना में गूंजा SP का अल्टीमेटम- “पीछे हटे तो नौकरी लायक नहीं छोड़ूंगा”

Neet Paper Leak Protest: NEET पेपर लीक के विरोध में पटना में हुए उग्र प्रदर्शन के बीच पटना वेस्ट के एसपी संकेत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एसपी पथराव और हंगामे के बीच पीछे हट रहे पुलिसकर्मियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, "पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा।"
2 min read
Jul 22, 2026
वाटर कैनन से भी नहीं रुके छात्र
वाटर कैनन से भी नहीं रुके छात्र

Neet Paper Leak Protest: NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में हुए उग्र प्रदर्शन के बीच पटना वेस्ट के एसपी संकेत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वे अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई दे रहे हैं, "पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा।"

NEET प्रदर्शन में बेकाबू हालात

दरअसल, बुधवार को NEET पेपर लीक के विरोध में पटना में दिनभर प्रदर्शन चलता रहा। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठन आईसा (AISA) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। करीब छह घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही। इस दौरान लाठीचार्ज और पथराव की घटनाएं हुईं, जिसमें कई छात्र, पुलिसकर्मी और कुछ पत्रकार भी घायल हो गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान राजधानी पटना की सड़कें तनाव और हंगामे का केंद्र बनी रहीं। छात्रों का जुलूस गांधी मैदान से शुरू होकर लोकभवन की ओर बढ़ा। पुलिस ने उन्हें कई स्थानों पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ते रहे।

SP का अल्टीमेटम कैमरे में कैद

प्रदर्शनकारी छात्रों को गांधी मैदान से आगे बढ़ने से रोकने की जिम्मेदारी पटना वेस्ट के एसपी संकेत कुमार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम पर थी। पुलिस ने सबसे पहले जेपी गोलंबर के पास छात्रों को रोकने का प्रयास किया और उन्हें पीछे धकेला। हालांकि, कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे पर पहुंच गए, जहां माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हुई और हालात हिंसक हो गए। प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव शुरू होने पर कुछ पुलिसकर्मी पीछे हटने लगे। इसी दौरान एसपी संकेत कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाला और पीछे हट रहे पुलिसकर्मियों को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, "अगर पीछे हटे तो नौकरी करने के लायक नहीं छोड़ूंगा।" इसके बाद पुलिस बल ने दोबारा मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने की कार्रवाई शुरू की।

Updated on:
22 Jul 2026 10:06 pm
Published on:
22 Jul 2026 10:00 pm