पटना

चाची ने पहले भतीजे से किया प्यार, फिर 50000 लौटाने के बहाने कर दी हत्या; 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पूर्णिया में एक चाची ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने भतीजे की हत्या कर दी है। मृतक की पत्नी का दावा है कि उसके पति का पिछले पांच वर्षों से अपनी चाची के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

2 min read
Apr 20, 2026
bihar news, purnia news
मर्डर के बाद पूछताछ करती पुलिस

Bihar News:बिहार के पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चाची ने अपने ही भतीजे को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। हत्या के पीछे का मकसद महज 50000 रुपये का आर्थिक विवाद और उलझे हुए पारिवारिक रिश्ते बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान भालचंद विश्वास (36) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रैक्टर चालक था। मृतक की पत्नी का आरोप है कि उसके पति का अपनी चाची से अफेयर चल रहा था।

2020 से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मृतक की पत्नी गुंजा देवी ने पुलिस के सामने अपने पति के गहरे राज खोले हैं। गुंजा के अनुसार भालचंद का अपनी चाची रोमा देवी के साथ 2020 से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। भालचंद अपनी मेहनत की कमाई का एक बड़ा हिस्सा अपनी चाची पर खर्च करता था और अपना ज्यादातर समय उन्हीं के घर बिताता था। जब भी उसकी पत्नी इस बात पर आपत्ति जताती, तो भालचंद उसके साथ मारपीट करता था।

जमीन बेचने के बाद चाची का लालच बढ़ा

हाल ही में भालचंद ने अपनी पुश्तैनी जमीन का एक टुकड़ा बेचा था। वह उस पैसे का इस्तेमाल अपना खुद का घर बनाने के लिए करना चाहता था। रविवार की सुबह जब उसकी पत्नी ने मजदूरों और राजमिस्त्रियों को भुगतान करने के लिए 50,000 रुपये मांगे तो भालचंद ने बहाना बनाया कि पैसे खत्म हो गए हैं। हालांकि, बाद में पता चला कि उसने पूरी रकम अपनी चाची रोमा देवी को उधार दे दी थी।

पैसे लौटाने के बहाने बुलाया, फिर हत्या कर दी

जब भालचंद ने अपनी चाची से अपने पैसे वापस मांगे तो रोमा देवी ने उसे किसी बहाने से अपने घर बुलाया। वहां भालचंद की तीखी बहस उसकी चाची और उसके बेटे अमित कुमार से हुई। आरोप है कि दोनों ने मिलकर भालचंद पर लाठियों और रॉड से हमला किया और उसे तब तक पीटते रहे जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। अपराध करने के बाद आरोपियों ने शव को एक कंबल में लपेटा और कमरे के अंदर छिपा दिया।

पत्नी ने हत्यारे को पकड़ा

जब भालचंद देर शाम तक घर नहीं लौटा तो गुंजा देवी उसे ढूंढते हुए उसकी चाची के घर गई। शुरुआत में उसे अंदर जाने से रोका गया, लेकिन जब उसने जबरदस्ती अंदर जाकर तलाशी ली तो कमरे के एक कोने में कंबल में लिपटे अपने पति का शव देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। गुंजा की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के गांव वाले मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।

मुख्य आरोपी हिरासत में

अमौर पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोमा देवी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ के दौरान महिला ने आपसी विवाद होने की बात स्वीकार की। इस बीच उसका बेटा अमित कुमार फरार बताया जा रहा है और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

Published on:
20 Apr 2026 02:34 pm