पटना

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री की कमाई पर RJD ने उठाए सवाल, पूछा- नौकरी न धंधा, फिर करोड़ों की संपत्ति कहां से आई?

RJD on Nishant Kumar affidavit: राजद ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के चुनावी हलफनामे को लेकर जेडीयू पर हमला बोला। राजद ने निशांत कुमार की संपत्ति और आय के स्रोतों पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूछा कि बिना किसी नौकरी या धंधे के उनके पास करोड़ों की संपत्ति और महंगी गाड़ियां कहां से आईं?

2 min read
Jun 10, 2026
RJD on Nishant Kumar assets
जदयू नेता निशांत कुमार (फोटो- X@NishantJDU)

RJD on Nishant Kumar assets: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के चुनावी हलफनामे को लेकर जनता दल यूनाइटेड और नीतीश परिवार पर निशाना साधा है। RJD ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से एक पोस्ट कर निशांत कुमार की संपत्ति, आय के स्रोतों और शैक्षणिक योग्यता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इसके अलावा RJD ने निशांत कुमार की तुलना केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से जुड़े कथित 'कांड' से भी की।

नौकरी न धंधा, फिर करोड़ों की संपत्ति और महंगी गाड़ियां कहां से आईं?

राजद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने बिहार विधान परिषद के चुनाव के लिए अपने नामांकन के हलफनामे में अनेक प्रकार की करोड़ों की संपत्ति और दो-दो महंगी गाड़ियां दिखाई हैं। राजद ने नीतीश कुमार की 'मिस्टर क्लीन' वाली छवि पर तंज कसते हुए लिखा, "निशांत कुमार की आय का कोई स्रोत नहीं है, जीवन में उन्होंने अभी तक किसी प्रकार की नौकरी और धंधा नहीं किया है और ना ही कोई फूटी कौड़ी कमाई? फिर उनके पास इतनी संपत्ति कहां से आई?"

राजद ने आरोप लगते हुए आगे लिखा, "निशांत कुमार ने हजारों वर्ग फीट का करोड़ों का आलीशान फ्लैट राजनीतिक सौदे में ललन सिंह से गिफ्ट के तौर पर प्राप्त किया, लेकिन बाकी संपत्ति का स्रोत क्या है? जबकि उनके पिता नीतीश कुमार भी तो राजा हरिश्चन्द्र के अवतार के भी अवतार है। ताउम्र दूसरों पर भ्रष्टाचार का दोषारोपण करते रहे, आज उन्हीं नीतीश कुमार के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश धीरे-धीरे जनता के सामने हो रहा है।"

चिराग पासवान वाला तिकड़मी ट्रिक अपनाया - राजद

संपत्ति के अलावा राजद ने निशांत कुमार की पढ़ाई और शैक्षणिक योग्यता पर भी हमला किया है। राजद ने जदयू के सोशल मीडिया हैंडल का एक स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए कहा कि जेडीयू ने जनता के बीच निशांत कुमार को एक पढ़ा-लिखा इंजीनियर बताकर पेश किया था, लेकिन उनके चुनावी हलफनामे ने इस दावे की हवा निकाल दी है।

राजद ने अपने पोस्ट में लिखा, "चुनावी हलफनामे में हुआ खुलासा, झांसाराम के बेटाराम भी दे रहे थे सबको झांसा। अपनाया था चिराग पासवान वाला तिकड़मी ट्रिक। बताया था ढीले बेटाराम को इंजीनियर। निकले केवल लड़-झगड़कर 12वीं पास। ग्रेजुएट भी नहीं। चिराग पासवान ने भी किया था यही कांड।"

RJD ने यह भी कहा है कि चुनावी हलफनामे के मुताबिक निशांत कुमार ग्रेजुएट तक नहीं हैं। ये झूठे और मक्कार लोग एक अंडर-ग्रेजुएट को इंजीनियर बताकर बिहार की जनता को गुमराह क्यों कर रहे थे? जवाब दो, बिहार की जनता के साथ यह धोखा क्यों?

Published on:
10 Jun 2026 04:07 pm