पटना

‘उप प्रधानमंत्री बनना नीतीश कुमार की बेइज्जती, वो PM मटेरियल हैं’, JDU की मांग पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान

Tejashwi Yadav on Nitish Kumar: जदयू के एक विधायक की इस मांग पर कि नीतीश कुमार को उप-प्रधानमंत्री बनाया जाए, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने लायक हैं, उन्हें उप-प्रधानमंत्री बनाना उनका अपमान करने जैसा है।
2 min read
• •
Jul 01, 2026
Tejashwi Yadav
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव (Photo - ANI)

Tejashwi Yadav on Nitish Kumar: जदयू विधायक पंकज मिश्रा ने मांग की है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को देश का उप-प्रधानमंत्री बनाया जाए। जदयू नेता की इस मांग पर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह नीतीश कुमार का अपमान होगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार PM बनने योग्य हैं और जो लोग उन्हें उप-प्रधानमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं, वे असल में उनकी बेइज्जती कर रहे हैं।

नीतीश जी का उप-प्रधानमंत्री बनना उनका अपमान होगा: तेजस्वी यादव

पटना स्थित बिहार विधान परिषद एनेक्सी में आज नवनिर्वाचित MLCs के लिए सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दस नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। जब उनसे नीतीश कुमार के उप-प्रधानमंत्री बनने की अटकलों के बारे में पूछा गया, तो तेजस्वी ने कहा, "देखिए, जो लोग नीतीश कुमार जी के उप-प्रधानमंत्री बनने की मांग कर रहे हैं, वे बहुत ही निचली और ओछी बातें कर रहे हैं।"

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि नीतीश कुमार जी सिर्फ उप-प्रधानमंत्री बनने लायक नहीं हैं। वे सीधे प्रधानमंत्री बनने के योग्य हैं। जो लोग उनके लिए उप-प्रधानमंत्री पद की वकालत कर रहे हैं, वे असल में नीतीश जी की बेइज्जती कर रहे हैं, उनका अपमान कर रहे हैं। नीतीश कुमार जी में देश का प्रधानमंत्री बनने की पूरी काबिलियत है और उन्हें वही बनना चाहिए।

भावना कुछ भी हो सकती है, यह विवाद का विषय नहीं - शिक्षा मंत्री

वहीं, भाजपा विधायक और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस मांग पर कहा, "जेडीयू के माननीय विधायक ने क्या मांग उठाई है या उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर क्या सुना है, इसके बारे में मुझे आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं है। लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं है कि नीतीश कुमार जी देश और राज्य के एक बहुत बड़े और कद्दावर नेता हैं। उन्होंने जिस प्रकार से बिहार को चलाया है, उसे देखते हुए किसी भी कार्यकर्ता या नेता के मन में उनके प्रति ऐसी भावना होना स्वाभाविक है। हर किसी की अपनी भावना हो सकती है, यह कोई विवाद का विषय नहीं है।"

क्या कहा जदयू विधायक ने

JDU विधायक पंकज मिश्रा ने नीतीश कुमार के लंबे अनुभव को देखते हुए केंद्र में उन्हें कोई अहम भूमिका देने की वकालत की है। मिश्रा ने कहा कि मोदी कैबिनेट के जल्द ही विस्तार की चर्चा चल रही है। नीतीश कुमार पहले भी केंद्र में अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और पिछले 20 सालों से बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य को आगे बढ़ा रहे हैं। शासन और प्रशासन में उनके पास लंबा और बेदाग अनुभव है, इसलिए केंद्र सरकार को उनके अनुभव का लाभ उठाना चाहिए। उन्हें उप-प्रधानमंत्री बनाना उनके लिए सबसे उचित सम्मान होगा। बिहार की जनता भी यही चाहती है कि उनके नेता को ऐसा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिले।

Also Read
View All
बिहार में बाढ़ से हालात बिगड़े, राहुल गांधी ने सरकार से पूछा- 17 साल में क्या किया? तेजस्वी ने भी साधा निशाना

MLC चुनाव को लेकर JDU में बढ़ी तकरार, प्रदेश अध्यक्ष बोले- अनंत सिंह जो कर रहे हैं वो गलत कर रहे हैं

अनंत सिंह और नीरज कुमार विवाद पर रामकृपाल यादव बोले- ललन सिंह निकाल लेंगे हल, सीट तो नहीं हारेगी NDA

पप्पू यादव का बड़ा हमला: अनंत सिंह और नीरज कुमार पर साधा निशाना, बोले- सभी पार्टियां माफिया, अपराधी और पैसेवालों को मैदान में उतार रही हैं

छपरा में बाढ़ से बदहाली पर फूटा पप्पू यादव का गुस्सा, बोले- जिस इलाके ने 5 मुख्यमंत्री दिए, वो आज भूखा मर रहा