पटना

बिहार: नीतीश कुमार चुने गए जदयू विधायक दल के नेता, बीजेपी ने सम्राट चौधरी को विधानमंडल का नेता चुना

मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुन लिया गया। दोपहर 3.30 बजे एनडीए के सभी पांच घटक दलों की बैठक होगी।
2 min read
Nov 19, 2025
Feature image
जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार। फोटो-पत्रिका

बिहार विधानसभा चुनाव में बंपर प्रदर्शन के बाद बुधवार को हुई जेडीयू (JDU) विधायक दल की बैठक में एक बार फिर से पार्टी ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना है। जबकि बीजेपी विधयाक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया।

20 नवंबर को नीतीश कुमार लेंगे शपथ

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जदयू ने कुल 85 सीटों पर जीत हासिल की है। नीतीश कुमार 20 नवंबर को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तैयारी की जा रही है। इसमें प्रधानमंत्री समेत कई केंद्रीय मंत्री और कई प्रदेश के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार अपने डिप्टी सीएम और लगभग 20 मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। गुरूवार को नीतीश कुमार सुबह 11 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे।

सम्राट चौधरी विधानमंडल का नेता चुने गए

इधर, बीजेपी विधायक दल की बैठक में बुधवार को सम्राट चौधरी को नेता और विजय को उपनेता चुना गया। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि फिर से ये दोनों नेता नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम बने रहेंगे। पिछले साल राज्य में एनडीए की सरकार बनने पर भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उप नेता चुना गया था। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा की जोड़ी को केशव प्रसाद मौर्य ने हिट और फिट बताया। सम्राट चौधरी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मुंगेर जिले की तारापुर सीट से विधायक चुने गए हैं और विजय सिन्हा लखीसराय विधानसभा सीट से पांचवीं बार जीत दर्ज की है।

दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार

बिहार चुनाव में रिकॉर्ड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करने के बाद नीतीश कुमार 20 नवंबर को दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 3 मार्च 2000 को नीतीश कुमार ने पहली बार सीएम पद की शपथ ली थी, दूसरी बार 24 नवंबर 2005 को, तीसरी बार 26 नवंबर 2010 को, चौथी बार 22 फरवरी 2015 को, पाँचवीं बार 20 नवंबर 2015 को और छठी बार 27 जुलाई 2017 को शपथ ली थी। सातवीं बार 16 नवंबर 2020 को, आठवीं बार 10 अगस्त 2022 को और नौवीं बार 28 जनवरी 2024 को उन्होंने सीएम पद की शपथ ली थी। अब 20 नवंबर 2025 को नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान में धूमधाम से अपनी 10वीं शपथ लेंगे।

Updated on:
19 Nov 2025 01:40 pm
Published on:
19 Nov 2025 12:13 pm