पटना

नीतीश दिल्ली रवाना, निशांत ने संभाली जेडीयू की कमान; विधायकों संग अहम बैठक से तेज हुई सियासत

बिहार में नई सरकार के गठन की चर्चाओं के बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने गुरुवार को पार्टी के कोर ग्रुप के विधायकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

2 min read
Apr 09, 2026
जदयू नेता निशांत कुमार (फोटो- X@NishantJDU)

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा में शपथ लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए। उनके दिल्ली जाने के बाद उनके बेटे निशांत कुमार ने जेडीयू की कमान संभाल ली है।

नीतीश कुमार के जाने के बाद निशांत कुमार ने आज पार्टी के कई विधायकों से मुलाकात की। इस बैठक को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने जेडीयू विधायकों के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने और संगठन के कामकाज को लेकर अहम चर्चा की।

ये भी पढ़ें

बिहार में नई सरकार: बीजेपी नेतृत्व तय, सम्राट चौधरी के नाम पर सस्पेंस, 12 अप्रैल को एनडीए बैठक में लगेगी अंतिम मुहर

किससे मिले निशांत

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत की बैठक में आज पार्टी के कई विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार के साथ-साथ नागेन्द्र राउत (सुरसंड), सतीश शाह (लौकाहा), मनोज कुशवाहा (मीनापुर), राज कुमार राय (हसनपुर), मनोरंजन सिंह (एकमा), ऋतुराज (घोसी), रुहैल रंजन (इस्लामपुर), राहुल सिंह (डुमरांव), मंजरी मृणाल (वारिसनगर), चेतन आनंद (नवीनगर), शुभानंद मुकेश (कहलगांव) और आदित्य कुमार (सकरा) मौजूद थे।

किस एजेंडों पर हुई बात ?

कहा जा रहा है कि निशांत कुमार ने इस बैठक में संगठन और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर विधायकों और पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। हालांकि, बैठक के एजेंडे का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे संभावित नेतृत्व परिवर्तन और नई रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।

वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार पांडेय का कहना है कि नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के साथ ही निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता इस बात का संकेत है कि जेडीयू में नई पीढ़ी को आगे लाने की तैयारी चल रही है।

क्या निशांत की राजनीति?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक महज औपचारिक नहीं है, बल्कि निशांत कुमार की भविष्य की रणनीति का हिस्सा है। नई सरकार के गठन से पहले उनके कोर ग्रुप के साथ हुई यह बैठक बिहार की सियासत में संभावित नेतृत्व और सत्ता के समीकरणों से जोड़कर देखी जा रही है।

हालांकि, पार्टी की ओर से इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इस मुलाकात ने संकेत दे दिया है कि बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

ये भी पढ़ें

Bihar Politics: बिहार में सत्ता बदलेगी, कंट्रोल नहीं, निशांत आगे, पीछे से नीतीश संभालेंगे कमान

Published on:
09 Apr 2026 09:54 pm
Also Read
View All