पटना

नीतीश कुमार ने 20 साल बाद छोड़ा सीएम आवास, अब बनेंगे लालू यादव के पड़ोसी; 7 सर्कुलर रोड होंगे शिफ्ट

पूर्व सीएम नीतीश कुमार अब 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास में रहेंगे। शुक्रवार को उनका सामान सीएम आवास से नए बंगले में शिफ्ट किया गया। नीतीश कुमार के नए आवास से 200 मीटर की दूरी पर लालू यादव और राबड़ी देवी का भी बंगला है। 

2 min read
May 01, 2026
नीतीश कुमार का नया पता 7 सर्कुलर रोड

Nitish Kumar Residence:बिहार की राजनीति में पिछले दो दशकों से सत्ता का सबसे बड़ा केंद्र रहा '1 अणे मार्ग' अब खाली होने जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो लगभग 20 वर्षों से इस ऐतिहासिक बंगले में रह रहे थे, अब अपना पता बदल रहे हैं। वे पटना के 7 सर्कुलर रोड स्थित अपने नए और आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास में शिफ्ट हो रहे हैं। शुक्रवार सुबह से ही उनके सामान को नए घर में ले जाने का काम तेजी से चल रहा है।

ये भी पढ़ें

सायरन बजते ही बिहार के 6 शहरों में छा जाएगा अंधेरा, जानें कब और क्यों होगा ब्लैकआउट

ट्रैक्टर से हो रही सामान की शिफ्टिंग

शुक्रवार की सुबह '1 अणे मार्ग' पर काफी हलचल देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निजी और घरेलू सामान को उनके नए आवास तक ट्रैक्टर से भेजा गया। इससे पहले 10 अप्रैल को भी कुछ सामान शिफ्ट किया गया था। शिफ्ट किए जा रहे सामानों में टेबल, कुर्सियां, गमले, फोल्डिंग आइटम और कपड़ों के स्टैंड आदि शामिल हैं। इसके साथ ही 7 सर्कुलर रोड स्थित नए बंगले के मुख्य प्रवेश द्वार और परिसर को फूलों की मालाओं से सजाया गया है, जिसका मतलब है कि नीतीश कुमार कभी भी इस बंगले में गृह प्रवेश कर सकते हैं।

लालू यादव के पड़ोसी होंगे नीतीश कुमार

नीतीश कुमार के 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट होने के बाद एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर देखने को मिलेगी। नीतीश कुमार और RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अब एक-दूसरे के बहुत करीब रहेंगे। नीतीश कुमार के नए आवास और राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) के बीच की दूरी महज 200 मीटर है। दोनों बंगले सर्कुलर रोड के दक्षिणी हिस्से में स्थित हैं, जिसका मतलब है कि बिहार की राजनीति के दो सबसे कद्दावर नेता अब पड़ोसी बन जाएंगे।

क्यों खास है नया बंगला

नीतीश कुमार ने 7 सर्कुलर रोड स्थित बंगले के निर्माण और तैयारी की व्यक्तिगत रूप से देखरेख की। इस आवास की कई विशेषताएं इसे सबसे अलग बनाती हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग करके बनाया गया यह बंगला, किसी बड़े भूकंप के झटकों को सहने में पूरी तरह सक्षम है। इसके शानदार इंटीरियर में छह VIP बेडरूम, दो विशाल ड्राइंग रूम और एक भव्य मीटिंग हॉल शामिल हैं। बंगले के लॉन की सुंदरता बढ़ाने के लिए, कोलकाता से विशेष घास मंगवाकर लगाई गई है, परिसर के ठीक बीच में एक छोटा सा तालाब भी है। इसके अलावा, बंगले में नेताओं, सरकारी अधिकारियों और पत्रकारों से मिलने के लिए विशेष रूप से वेटिंग हॉल और मीटिंग रूम बनाए गए हैं।

बंगले से नीतीश कुमार का पुराना रिश्ता

नीतीश कुमार का इस खास बंगले के साथ एक पुराना और गहरा रिश्ता है। 2014 के लोकसभा चुनावों में हार के बाद जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और जीतन राम मांझी को अपना उत्तराधिकारी बनाया तो वे 7 सर्कुलर रोड स्थित इसी आवास में रहने चले गए। इसी बंगले में रहते हुए उन्होंने जीतन राम मांझी से सत्ता वापस हासिल की और एक बार फिर मुख्यमंत्री का पद संभाला। अब एक बार फिर वे उसी प्यारे पते पर लौट रहे हैं।

ये भी पढ़ें

इंस्टाग्राम वाली दोस्त ने मिलने बुलाया, पहुंचते ही कर लिया किडनैप, फिर मांगी 6 लाख की फिरौती; ऐसे हुआ खुलासा
Also Read
View All