पटना

पटना में खौफनाक मर्डर मिस्ट्री: हत्या कर शव के किए तीन टुकड़े, सिर की तलाश में जुटी पुलिस

पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के धीराचक निवासी 22 वर्षीय ऑटो चालक चंदन कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने शव के तीन टुकड़े कर उसे रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया, जबकि सिर गायब है। पुलिस को शक है कि प्रेम-प्रसंग को लेकर यह वारदात हुई है।
2 min read
May 16, 2026
auto driver chandan
चंदन (फाइल फोटो)

प्रेम प्रसंग को लेकर पटना में अपराधियों ने एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक युवक की हत्या करने के बाद शव के तीन टुकड़े कर दिए और उसका सिर अपने साथ ले गए। पुलिस फिलहाल कटे सिर की तलाश में जुटी है। मृतक की पहचान गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के धीराचक निवासी 22 वर्षीय ऑटो चालक चंदन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी की पत्नी को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी छोटू कुमार वारदात के बाद से फरार है। पुलिस के अनुसार, चंदन का छोटू की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे छोटू नाराज था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में उसने इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम दिया।

क्या है मामला

गर्दनीबाग थाना क्षेत्र निवासी चंदन ऑटो चालक था। 12 मई को वह रोज की तरह अपना ऑटो लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। जब उन्होंने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, तो फोन बंद मिला।
इसी दौरान 13 मई को पटना के हवाई अड्डा थाना पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास एक क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव तीन अलग-अलग टुकड़ों में बंटा हुआ था और उसका सिर गायब था। काफी प्रयासों के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल भेज दिया।

इधर, दो दिनों से चंदन की तलाश कर रहे परिजनों को जब इस शव की जानकारी मिली, तो वे आईजीआईएमएस पहुंचे। वहां कपड़ों और अन्य निशानों के आधार पर उन्होंने शव की पहचान चंदन के रूप में की। बेटे की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि गर्दनीबाग निवासी छोटू कुमार ने चंदन की हत्या की है। उनका कहना है कि चंदन का छोटू की पत्नी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और इसी रंजिश में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

भीड़ ने आरोपी के घर बोला हमला

चंदन की मौत से आक्रोशित लोगों ने छोटू कुमार के घर पर हमला कर दिया और उसकी पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महिला को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई।

इधर, गुस्साए स्थानीय लोगों ने चंदन के शव के टुकड़ों को बीच सड़क पर रखकर अनीसाबाद-फुलवारी मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हंगामा किया, जिससे दोनों ओर का यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि चंदन का गायब सिर जल्द से जल्द बरामद किया जाए और मुख्य आरोपी छोटू कुमार को तत्काल गिरफ्तार कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

Updated on:
16 May 2026 07:45 am
Published on:
16 May 2026 07:33 am