
Crime News प्रेम-प्रसंग में विवाद के बाद प्रेमी राहुल कुमार ने अपनी प्रेमिका के घर पर ही कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र की है। सूत्रों के अनुसार, राहुल के परिजन उसकी शादी किसी दूसरी लड़की से कराना चाहते थे, जिससे वह नाराज था। राहुल अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन प्रेमिका इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात से आहत होकर उसने प्रेमिका के घर में उसके सामने खुद को गोली मार ली। 27 वर्षीय राहुल एक मॉल में स्टोर मैनेजर था। उसका परिवार बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में रहता है।
राहुल की मां गुड़िया देवी, पिता ललन प्रसाद और भाई का आरोप है कि प्रेमिका ने फोन कर राहुल को अपने घर बुलाया, जिसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने इस मामले में प्रेमिका की मां और उसकी बहन को भी आरोपी बताया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल जब्त कर ली है। साथ ही एफएसएल की टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। राहुल के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
राहुल के परिजनों का कहना है कि घटना से एक दिन पहले उसकी अपनी प्रेमिका से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे वह परेशान था। परिजनों के अनुसार, विवाद सुलझाने के लिए प्रेमिका ने राहुल को अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने पर लड़की की मां और बहन ने राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी।
वहीं, पुलिस का कहना है कि लड़की के परिजनों के मुताबिक राहुल घर पहुंचने के बाद कुर्सी पर बैठा और पानी मांगा। लड़की की मां पानी लाने के लिए घर के अंदर गईं। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बाहर आने पर राहुल खून से लथपथ मिला। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, राहुल की प्रेमिका पिछले दो दिनों से अपने दोस्तों के साथ वाराणसी गई हुई है। उसके मोबाइल की लोकेशन भी वाराणसी में मिली है।