
Patna Metro: राजधानी पटना के लोगों को 2 जुलाई को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। पटना मेट्रो का विस्तार अब मलाहीपकड़ी स्टेशन तक हो जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 2 जुलाई को इस विस्तारित मेट्रो सेवा का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री ने सोमवार को पटना स्थित अपने आवास पर पटना मेट्रो रेल परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने 2 जुलाई को मलाहीपकड़ी स्टेशन तक मेट्रो परियोजना के विस्तार का लोकार्पण करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट समयसीमा तय कर निर्धारित अवधि के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और परियोजना को समय पर पूरा किया जाए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने राजधानी की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का भी अधिकारियों को निर्देश दिया।
पटना मेट्रो के मलाहीपकड़ी तक विस्तार से इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की भी उम्मीद है। फिलहाल पटना मेट्रो की सेवा प्रायोरिटी कॉरिडोर के तहत न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ स्टेशन तक संचालित हो रही है। इसकी शुरुआत पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले की गई थी। अब मेट्रो सेवा को मलाहीपकड़ी तक बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
हालांकि, भूतनाथ और मलाहीपकड़ी के बीच स्थित खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन पर मेट्रो ट्रेनों का ठहराव होगा या नहीं, इस पर सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। पटना मेट्रो परियोजना के तहत रेड लाइन कॉरिडोर में दानापुर से खेमनीचक तक लगभग 17 किलोमीटर और ब्लू लाइन कॉरिडोर में पटना जंक्शन से न्यू आईएसबीटी तक 14.45 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन विकसित की जा रही है।