पटना

पटना में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, अपराधियों की बड़ी साजिश नाकाम, 1200 जिंदा कारतूस के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी वजह से वे बड़ी मात्रा में कारतूस लेकर एकत्रित हुए थे।

2 min read
Mar 11, 2026
यह सांकेतिक तस्वीर है। (AI Generated)

पटना से सटे फतुहा थाना क्षेत्र के सिरपतपुर गांव में बुधवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक अपराधी घायल हो गया, जबकि पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से पुलिस ने 1200 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए वहां एकत्रित हुए थे। हालांकि इससे पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई और टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों की साजिश नाकाम हो गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधी इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस कहां से लाए थे और वे किस घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

ये भी पढ़ें

राज्य सभा चुनाव 2026: बिहार में RJD-AIMIM में तालमेल के संकेत, ओवैसी लेंगे अंतिम फैसला

पुलिस को देखते अपराधियों ने शुरू कर दी फायरिंग

फतुहा पुलिस के अनुसार, अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी की पहचान सुंदरम के रूप में हुई है।

भागने की कोशिश में एक के पैर में लगी गोली

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान अपराधी फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन भागने से पहले ही एक अपराधी के पैर में पुलिस की गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने इस घटना को लेकर कहा कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी वजह से वे बड़ी मात्रा में कारतूस लेकर एकत्रित हुए थे। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका अगला निशाना क्या था।

पकड़े गए अपराधियों की पहचान सारण (तेलपा) निवासी सुंदरम उर्फ भोला (घायल), सुजीत कुमार उर्फ गबरू और बाढ़ निवासी सत्यरोहण यादव उर्फ भालू यादव के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें

Crime News: दोस्त ने युवती को मिलने बुलाया, फिर 10 साथियों के साथ मिलकर किया गैंगरेप; 4 गिरफ्तार

Published on:
11 Mar 2026 10:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर