पटना में 27 लाख कैश वैन लूट मामले में पुलिस ने लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ की कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य आरोपी नीतीश कुमार पुलिस फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और पूछताछ के आधार पर छापेमारी के दौरान यह कार्रवाई की गई।
पटना पुलिस ने मंगलवार सुबह लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ की कार्रवाई की। इस एनकाउंटर में कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट का मुख्य आरोपी नीतीश कुमार गोली लगने से घायल हो गया। पटना एसएसपी ने बताया कि लूट की घटना के बाद सिटी एसपी (ईस्ट) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने सूरज पांडेय, आदित्य और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नीतीश कुमार को घेरने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस गोलीबारी में नीतीश कुमार घायल हो गया।
पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि 13 मई को गोपालपुर थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने CMS कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उनसे मिले इनपुट के आधार पर जब पुलिस टीम मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से लूट के 5 लाख रुपये नकद, लूट की रकम से खरीदे गए 4 iPhone, घटना में प्रयुक्त बाइक, CMS की पर्ची, वारदात के समय पहने गए कपड़े और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद किए हैं।