पटना

पटना: बकरी के बाल से खुला कत्ल का राज, 10 साल की मासूम की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

पटना में 10 वर्षीय रौशनी हत्याकांड शुरुआत में पूरी तरह उलझा हुआ था और पुलिस के पास कोई ठोस सुराग नहीं था। लेकिन जांच के दौरान कंबल में मिले बकरी के बाल अहम सुराग साबित हुए, जिनके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
2 min read
• •
Updated: 28 Apr 2026, 1:02 PM IST
crime
प्रतीकात्मक तस्वीर

पटना पुलिस ने 10 वर्षीय मासूम रौशनी की हत्या के आरोप में पटना सिटी से रंजीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रंजीत बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया था। दरवाजा बंद करने के बाद उसने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। बच्ची के विरोध करने और शोर मचाने पर उसने उसका मुंह दबा दिया और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद रंजीत ने शव को छिपाने के इरादे से पहले उसे बेड के नीचे रखा। देर रात करीब दो बजे वह शव को कंबल में लपेटकर तालाब में फेंकने निकला, लेकिन रास्ते में पुलिस को देखकर घबरा गया और शव को कचरे के ढेर में फेंककर भाग गया। 22 अप्रैल की सुबह रौशनी दूध देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

बकरी के बाल बने सुराग

पटना सिटी बाइपास थाना क्षेत्र के जल्ला महावीर मंदिर के पास संकरी गली में रहने वाली 10 वर्षीय छात्रा रौशनी की हत्या का मामला शुरुआत में पूरी तरह उलझा हुआ था। पुलिस के पास कोई ठोस सुराग नहीं था, लेकिन टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को कुछ ऐसे संकेत मिले, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थे।

गुरुवार की सुबह रौशनी का शव कचरे के ढेर के पास कंबल में लिपटा हुआ मिला था। परिजनों ने भी किसी पर हत्या का संदेह नहीं जताया, ऐसे में पुलिस को ही जांच की दिशा तय करनी पड़ी। तभी एक अहम सुराग पुलिस के हाथ लगा, जिसने मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद की।

पुलिस के अनुसार, जिस कंबल में शव लिपटा था, उसमें बकरी के बाल पाए गए। इसी आधार पर पुलिस ने आसपास के इलाके में बकरी पालन करने वालों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान संकरी गली में एक कमरे के बाहर चार-पांच बकरियां बंधी हुई मिलीं, जिससे पुलिस की जांच आगे बढ़ी।

बंद कमरे से पकड़ा गया आरोपी

जब पुलिस बाहर से बंद कमरे के पास पहुंची, तो भीतर किसी के होने का संदेह हुआ। कमरा खुलवाने पर अंदर रंजीत पसीने से लथपथ मिला। उसने कमरे का पंखा बंद कर रखा था और दरवाजे पर बाहर से ताला लगाया हुआ था, ताकि किसी को अंदर उसकी मौजूदगी का पता न चल सके। वह खिड़की के सहारे गली की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। शुरुआत में रंजीत ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने पूरी घटना कबूल कर ली।

Updated on:
28 Apr 2026, 1:02 PM IST
Published on:
Also Read
View All
बिहार: सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन, एक साथ 15 अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश

महाराष्ट्र से गिरफ्तार 13 लाख के इनामी माओवादी की निशानदेही पर झारखंड के जंगल से राइफल और कारतूस बरामद

तेजस्वी यादव का PM मोदी पर साधा निशाना, बोले- बेरोजगारी और महंगाई पर बात क्यों नहीं करते? बिहार में कारखाने क्यों नहीं लगाए

अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होंगे नीतीश कुमार और लालू यादव? विधायक बोले- शादी में सत्ता पक्ष-विपक्ष नहीं होता

बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से, पहली बार सदन में दिखेंगे प्रशांत किशोर; सरकार को घेरने की होगी चुनौती