पटना

Voter Adhikar Yatra: राहुल गांधी की यात्रा में पहुंचे अखिलेश यादव, रोहिणी आचार्या भी जीप पर हुई सवार

Voter Adhikar Yatra राहुल गांधी की यात्रा बिहार के भोजपुर में दो विधानसभा (बड़हरा और आरा ) से गुजरेगी। यह दोनों विधानसभा पर कांग्रेस अपना दावा ठोक रही है। फिलहाल बड़हरा और आरा दोनों विधानसभा पर एनडीए का कब्जा है।
2 min read
Aug 30, 2025
Bihar Assembly Election
राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए अखिलेश यादव और रोहिणी अचार्या। फोटो कांग्रेस सोशल साइट

Voter Adhikar Yatra राहुल गांधी की यात्रा में शनिवार की सुबह यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव और आरजेडी प्रमुख की बेटी रोहिणी आचार्या भी शामिल हुई। राहुल गांधी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) और इसमें गड़बड़ी को लेकर अपनी यात्रा कर रहे हैं। यात्रा (शनिवार, 30 अगस्त) 14वां दिन छपरा (सारण) के एकमा से निकल चुकी है। यह यात्रा सारण से भोजपुर की तरफ बढ़ रही है। दिन में बिहार के आरा में जनसभा होगी। एकमा में जीप पर राहुल, तेजस्वी, अखिलेश समेत इंडिया गठबंधन के बड़े नेताओं के साथ साथ आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या भी सवार हैं।

एक घंटा लेट से शुरू हुई यात्रा

राहुल गांधी सारण जिले के एकमा में आमदाढी के कर्णपुरा ब्रह्मस्थान में शुक्रवार को रात्रि विश्राम किया था। इसके बाद सुबह 7.45 बजे से यात्रा शुरू होने वाली थी, लेकिन इसमें लगभग एक घंटे की देरी हुई। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा भोजपुर में करीब 30 किलोमीटर की होगी। यात्रा के भोजपुर में प्रवेश करने पर हाथी,ऊंट और घोड़ा से उसका स्वागत किया जायेगा। इसके साथ ही पारंपरिक गोड़ नाच समेत अन्य तरीकों से भव्य स्वागत किया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।

आरा में जनसभा

राहुल गांधी भोजपुर जिले में बबुरा से आरा तक करीब 30 किमी वोटर अधिकार यात्रा पूरी करने के बाद आरा के वीर कुंवर सिंह मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के अलावा यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी संबोधित करेंगे।

भोजपुर की 2 विधानसभा से गुजरेगी वोटर अधिकार यात्रा

राहुल-गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा आज भोजपुर जिले की 7 में से दो विधानसभा बड़हरा और आरा से गुजरेगी। दोनों क्षेत्रों में फिलहाल भाजपा का कब्जा है। इस बार महागठबंधन में कांग्रेस ने इन दोनों क्षेत्रों में दावेदारी जताई है। इसलिए राहुल गांधी का दौरा यहां महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले चुनाव में बड़हरा में राजद और आरा में सीपीआई माले ने महागठबंधन से चुनाव लड़ा था।

Updated on:
30 Aug 2025 11:09 am
Published on:
30 Aug 2025 11:09 am