पटना

RJD के मुस्लिम MLC ने पीएम नरेंद्र मोदी को लिखी चिट्ठी, गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की कर दी मांग

RJD MLC Kari Mohammad: बिहार में आरजेडी (RJD) के मुस्लिम विधान पार्षद कारी मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित करने की बड़ी मांग की है। सोहैब ने दलील दी है कि गाय भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोगों की आस्था का मुख्य आधार है।

2 min read
May 26, 2026
राजद MLC कारी मोहम्मद

RJD MLC Kari Mohammad:बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और विधान पार्षद (MLC) कारी मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित करने की आधिकारिक मांग की है। आरजेडी के एक प्रमुख मुस्लिम चेहरे द्वारा सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस संवेदनशील और धार्मिक महत्व के विषय पर चिट्ठी लिखे जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें

MLC चुनाव के ऐलान के साथ ही NDA में हलचल, जीतन राम मांझी ने 1 सीट पर ठोका दावा

करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हैं

राजद एमएलसी कारी मोहम्मद सोहैब ने बकायदा अपने लेटरपैड पर प्रधानमंत्री को विनम्र निवेदन भेजा है। उन्होंने अपनी इस मांग के पीछे भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और देश के बहुसंख्यक समाज की जनभावनाओं का मजबूत तर्क दिया है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कारी मोहम्मद सोहैब ने कहा, 'भारत की सभ्यता और संस्कृति में गाय का स्थान सदियों से श्रद्धा, सेवा और करुणा के प्रतीक के रूप में रहा है। गाय हमारी संस्कृति, आस्था, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। इससे देश के करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं और आस्था गहराई से जुड़ी हुई हैं।'

यह मांग किसी एक समुदाय या वर्ग की नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे गए पत्र में राजद विधान पार्षद ने कई अहम बिंदुओं को सामने रखते हुए केंद्र सरकार से इस दिशा में त्वरित कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि देश की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह बेहद जरूरी और समय की मांग प्रतीत होती है कि गाय के संरक्षण और संवर्धन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष स्थान और कानूनी महत्व प्रदान किया जाए।

गौ-संरक्षण के प्रति लोगों में आएगी जागरूकता

सोहैब का मानना है कि यदि भारत सरकार गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करती है, तो इससे देश के कोने-कोने में गौ-संरक्षण के प्रति लोगों में सकारात्मक और मजबूत जागरूकता आएगी। उन्होंने पत्र में विशेष रूप से लिखा कि यह मांग किसी एक खास समुदाय, जाति या वर्ग की नहीं है, बल्कि करोड़ों भारतीयों के दिल से जुड़ा विषय है। गाय को यह राष्ट्रीय दर्जा मिलने से देश में सह-अस्तित्व और करुणा की वह भावना और सशक्त होगी, जिसने सदियों से इस देश को अनेकता में एकता के सूत्र में पिरोकर रखा है।

आवश्यक कदम उठाने की मांग

अपने पत्र के अंत में कारी मोहम्मद सोहैब ने लिखा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने से भारतीय संस्कृति, सह-अस्तित्व और करुणा की उस भावना को और अधिक बल मिलेगा, जिसने सदियों से इस देश को एक सूत्र में बांध रखा है। इसलिए, यह एक विनम्र अनुरोध है कि नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कृपया गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएं।

ये भी पढ़ें

सोनू-मोनू गैंग के पीछे पड़ी STF और 3 DSP की टीम, 8 जिलों में छापेमारी; पुलिस वालों की ली थी तलाशी
Published on:
26 May 2026 05:31 pm
Also Read
View All