पटना

खून देखकर मर्डर समझ रहे थे घरवाले, बेटी प्रेमी संग हो गई थी फरार; पुलिस ने महाराष्ट्र से किया बरामद

Bihar Fake Murder Scene: बिहार के रोहतास में एक किशोरी ने अपने प्रेमी संग भागने के लिए खुद की हत्या का नाटक रच डाला। लड़की ने घर से निकलने से पहले एक जिंदा मुर्गा काटा और उसका खून फर्श व चापाकल के पास फैला दिया, ताकि घरवाले और पुलिस उसे मृत समझकर तलाश बंद कर दें। हालांकि तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी के साथ महाराष्ट्र से बरामद कर लिया है। 
2 min read
May 22, 2026
bihar fake murder scene case missing girl
रोहतास पुलिस

Bihar Fake Murder Scene: बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के बडीहा गांव में एक किशोरी ने अपने प्यार को पाने के लिए खुद की हत्या की ऐसी स्क्रिप्ट लिखी कि पहली नजर में फॉरेंसिक टीम भी चकमा खा गई। किशोरी ने घर में खून फैलाकर खुद के कत्ल की पटकथा लिखी और प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई, जबकि घरवाले उसकी मौत की आशंका में आंसू बहा रहे थे।

चापाकल के पास खून के धब्बे

किशोरी अचानक एक रात को घर से संदेहास्पद स्थिति में गायब हो गई थी। अगली सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तो घर के दूसरे हिस्से में चापाकल के पास भारी मात्रा में खून के धब्बे बिखरे पड़े थे। सिर्फ इतना ही नहीं, फर्श पर खून से सने पैरों के निशान भी साफ दिखाई दे रहे थे। यह मंजर देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें लगा कि रात में किसी ने उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी है या फिर कोई अनहोनी कर लाश को गायब कर दिया है। परिजनों ने तुरंत इंद्रपुरी थाने पहुंचकर बेटी के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया।

डॉग स्क्वॉड और FSL टीम भी रह गई दंग

मर्डर की आशंका को देखते हुए रोहतास पुलिस तुरंत हाई-अलर्ट पर आ गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम, डॉग स्क्वॉड और तकनीकी जांच दल को तैनात किया गया। शुरुआत में पुलिस को भी यह मामला कत्ल का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को कुछ तकनीकी खामियां और संदेहास्पद कड़ियां मिलीं। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा के निर्देश पर तकनीकी टीम ने किशोरी के मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाला। जांच में पता चला कि गायब होने से पहले किशोरी बांका जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के रहने वाले मयंक कुमार नाम के एक युवक के साथ पिछले 5 साल से लगातार संपर्क में थी।

प्रेमी संग भागने के लिए काटा था जिंदा मुर्गा

एटीएस और स्थानीय पुलिस के तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की सुई धीरे-धीरे महाराष्ट्र की ओर मुड़ गई। आखिरकार गुप्त सूचना और मोबाइल टावर लोकेशन की मदद से बिहार पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में दबिश दी। वहां पुलिस ने न सिर्फ गायब किशोरी को सकुशल बरामद किया, बल्कि उसके प्रेमी मयंक कुमार को भी दबोच लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद दोनों ने सारी सच्ची बता दी।

किशोरी ने कुबूल किया कि पुलिस और परिवार का ध्यान भटकाने के लिए उसने घर से निकलने से पहले एक जिंदा मुर्गा काटा था। इसके बाद उसने मुर्गे के खून को अपने हाथ-पैरों में लगाया और फर्श तथा चापाकल के पास संघर्ष व कत्ल जैसा माहौल बनाया, ताकि लोग उसकी तलाश करने के बजाय उसे मृत मान लें और वे दोनों आसानी से अपनी जिंदगी बसा सकें।

महाराष्ट्र के भिवंडी में छिपे थे दोनों, पुलिस ने किया कोर्ट में पेश

पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने बताया कि आरोपी युवक मयंक कुमार भिवंडी में गाड़ी चलाने का काम करता है और दोनों वहीं छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने दोनों को महाराष्ट्र की स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड पर लिया और बिहार वापस आ गई है। पुलिस अब दोनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की न्यायिक कार्रवाई कर रही है।

Updated on:
22 May 2026 07:38 pm
Published on:
22 May 2026 07:38 pm