पटना

दाह संस्कार से पहले खुला ‘मौत’ का खुला राज! ‘मृत’ युवती ने VIDEO जारी कर कहा- पापा मैं अभी जिंदा हूं

बिहार के समस्तीपुर की अनीसा कुमारी को परिजनों ने बेगूसराय में मिले एक युवती के शव के रूप में पहचान लिया था, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। लेकिन दाह-संस्कार से पहले अनीसा का वीडियो सामने आया, जिसमें उसने कहा, "पापा, मैं अभी जिंदा हूं"
2 min read
Jun 30, 2026
samastipur missing girl
अनीसा कुमारी (फाइल फोटो)

"पापा, मैं अभी जिंदा हूं" 'मृत' घोषित युवती के एक वीडियो ने पुलिस की पूरी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला बिहार के समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की गढ़सिसई पंचायत के भजनगामा गांव का है। भजनगामा गांव की रहने वाली अनीसा कुमारी 21 जून को घर से दवा लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों को आशंका हुई कि उसका अपहरण कर लिया गया है। इस संबंध में अनीसा के माता-पिता ने 23 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बेटी के अपहरण की आशंका जताई। इसी बीच 29 जून को बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में एक तालाब के किनारे बोरे में बंद एक युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस की मौजूदगी में अनीसा के परिजनों ने उस शव की पहचान अनीसा के रूप में की थी।

जिंदा होने का दावा, जांच पर सवाल

इसके बाद परिजन सोमवार (29 जून) को शव के दाह-संस्कार की तैयारी में जुटे थे। तभी मामले में अचानक बड़ा मोड़ आ गया। अनीसा ने सोशल मीडिया पर अपने दो वीडियो साझा कर खुद के जीवित होने का दावा किया। देखते ही देखते ये वीडियो वायरल हो गए और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

'पापा, मैं जिंदा हूं' से मचा हड़कंप

वायरल वीडियो में अनीसा अपने माता-पिता से कहती नजर आ रही है, "पापा, मैं अभी जिंदा हूं।" उसने यह भी दावा किया कि उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज कर ली है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। विद्यापतिनगर थाना के थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। साथ ही युवती की बरामदगी और पूरे मामले की नए सिरे से जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

अब नए सिरे से होगी पड़ताल

पुलिस का कहना है कि युवती के जीवित होने के दावे और पहले बरामद हुए शव की पहचान को लेकर मामला उलझ गया है। ऐसे में पूरे प्रकरण की नए सिरे से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं और तथ्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, युवती की बरामदगी फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उसके मिलने के बाद कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वीडियो से उलझी पुलिस जांच

गौरतलब है कि युवती के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया था। बाद में बेगूसराय में एक युवती का शव मिलने पर परिजनों ने उसकी पहचान अनीसा के रूप में की थी। इसके आधार पर पुलिस ने परिजनों के आवेदन पर अपहरण के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि, अब अनीसा के जीवित होने का दावा करते हुए वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। ऐसे में पुलिस अब पूरे प्रकरण की नए सिरे से जांच कर रही है।

Updated on:
30 Jun 2026 06:45 pm
Published on:
30 Jun 2026 06:42 pm