
Samastipur wedding controversy: बिहार के समस्तीपुर में शादी का जश्न अचानक रणक्षेत्र में बदल गया। वरमाला की तैयारी के बीच एक महिला की एंट्री ने पूरे समारोह में हड़कंप मचा दिया। महिला सीधे स्टेज पर पहुंची और दूल्हे का कॉलर पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। पहले तो वहां मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब लोगों ने बीच-बचाव किया तो पता चला कि महिला दूल्हे की पहली पत्नी है।
महिला ने आरोप लगाया कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। यह बात छिपाकर वह दूसरी शादी करने पहुंचा था। किसी तरह इसकी जानकारी पहली पत्नी को मिल गई, जिसके बाद वह शादी समारोह में पहुंच गई और स्टेज पर ही दूल्हे की पूरी पोल खोल दी। यह मामला समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के लोदीपुर धीर गांव का है। बुधवार देर रात हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद शादी टूट गई और दूल्हे को बिना फेरे लिए ही लौटना पड़ा।
पूरी घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्तीपुर जिले के लोदीपुर धीर गांव निवासी प्रदीप सहनी ने अपनी बेटी अस्मिता की शादी वैशाली जिले के प्राणपुर गांव निवासी पंकज कुमार से तय की थी। बुधवार रात पंकज करीब 40 बारातियों के साथ बारात लेकर प्रदीप सहनी के घर पहुंचा था। परिवार में शादी को लेकर खुशी का माहौल था और सभी रस्में धूमधाम से निभाई जा रही थीं।
इसी बीच दूल्हा-दुल्हन वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंचे। तभी वैशाली जिले की रहने वाली नीलम देवी वहां पहुंच गई। वह सीधे स्टेज पर चढ़ी और पंकज कुमार की दूसरी शादी का विरोध करने लगी। आरोप है कि जब दूल्हा उसकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ, तो नीलम देवी ने सबके सामने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
जब दुल्हन पक्ष के लोगों को पता चला कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है, तो वे आक्रोशित हो गए। खुद को ठगा महसूस करते हुए उन्होंने बारातियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोगों के साथ मारपीट भी हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए।
आरोप है कि गुस्साए लोगों ने दूल्हे पंकज कुमार की पिटाई कर दी, जिससे उसका सिर फट गया। हंगामे के बीच दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को वहां से भगा दिया और दूल्हे के पिता को कुछ देर के लिए बंधक बना लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद मामला किसी तरह शांत कराया गया।
पंकज की पहली पत्नी नीलम देवी ने पुलिस को बताया कि करीब छह साल पहले तमिलनाडु में पंकज कुमार ने उससे शादी की थी। दोनों वहां एक कपड़ा फैक्ट्री में साथ काम करते थे। नीलम पहले से तलाकशुदा थी और एक बच्चे की मां थी। पंकज से शादी के बाद उनका एक और बच्चा हुआ। इस तरह वह दो बच्चों की मां है।
नीलम ने बताया कि पिछले कुछ समय से पंकज का व्यवहार बदला हुआ था। उसे शक था कि वह कहीं और शादी करने की तैयारी में है। इसको लेकर उसने पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन पंकज नहीं माना। इसके बाद वह चुपके से दूसरी शादी करने समस्तीपुर पहुंच गया।
नीलम ने कहा कि जैसे ही उसे इसकी जानकारी मिली, वह लोकेशन का पता लगाते हुए लोदीपुर धीर गांव स्थित शादी स्थल तक पहुंच गई और अपने पति की दूसरी शादी रुकवा दी।