24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bharat Tiwari Encounter: महापंचायत में उमड़ी भारी भीड़, न्याय की मांग के बीच बदले गए जगदीशपुर डीएसपी

Bharat Tiwari Encounter: भरत भूषण तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर को लेकर बिलौटी गांव में महापंचायत शुरू होने से पहले सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए जगदीशपुर के डीएसपी को बदल दिया है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने आरोपित डीएसपी राजेश कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय क्लोज कर दिया है।
2 min read
Google source verification
महापंचायत

भरत भूषण तिवारी के फर्जी एनकाउंटर को लेकर बिलौटी गांव में महापंचायत शुरू

Bharat Tiwari Encounter: भरत भूषण तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर को लेकर बिलौटी गांव में महापंचायत शुरू होने से पहले सरकार ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए विवादों में घिरे जगदीशपुर के डीएसपी को बदल दिया है। इससे पहले, घटना के पांच दिन बाद मंगलवार को भरत भूषण तिवारी की मां के आवेदन पर शाहपुर थाने में डीएसपी, थाना प्रभारी समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई करते हुए आरोपित जगदीशपुर डीएसपी राजेश कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय क्लोज कर दिया।

उनकी जगह सरकार ने पंकज कुमार मिश्रा को नया डीएसपी नियुक्त किया है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के स्तर से आदेश जारी किया गया है। पंकज मिश्रा वर्तमान में मद्यनिषेध सह राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में कार्यरत थे। उन्हें अगले आदेश तक जगदीशपुर एसडीपीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महापंचायत में उमड़ने लगी भीड़

इधर, भोजपुर के भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर के विरोध में बिलौटी गांव में आयोजित महापंचायत में बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं। आयोजक मंडल के सदस्यों का दावा है कि अब तक करीब पांच हजार लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं, जबकि शाम तक यह संख्या एक लाख तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर भी महापंचायत में शामिल होने के लिए भरत भूषण तिवारी के गांव पहुंच गए हैं।

बिलौटी में जुट रहे हजारों लोग

महापंचायत को लेकर बिलौटी गांव से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक भरत तिवारी के पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें शहीद बताते हुए न्याय की मांग की गई है। सुबह से ही लोग तिरंगा लेकर भरत तिवारी के घर पहुंचने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने सम्राट चौधरी के खिलाफ नारेबाजी की, वहीं "भरत तिवारी अमर रहें" के नारे भी लगाए गए। बिलौटी गांव और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बताया जा रहा है कि अब तक एक हजार से अधिक वाहन गांव पहुंच चुके हैं, जिससे पूरे इलाके में काफी भीड़भाड़ का माहौल है।