सेक्स्टॉर्शन के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने वाले एक व्यक्ति को बिहार के आरा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक फर्जी लड़की की तस्वीरें लगाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
‘सेक्स्टॉर्शन’ के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने वाले एक आरोपी को भोजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल राशिद के रूप में हुई है, जो बिहार के आरा के दौलतपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आदिल राशिद सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। वह खुद को लड़की बताकर पहले उनसे बातचीत करता और धीरे-धीरे भरोसा कायम करता था। इसके बाद उन्हें अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करता और उनसे पैसे वसूलता था।
भोजपुर पुलिस के अनुसार, आदिल राशिद के खिलाफ अधिवक्ता प्रमोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, आदिल राशिद ‘नेहा कुमारी’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर अधिवक्ता प्रमोद कुमार के संपर्क में आया था। बातचीत के दौरान उसने उनकी आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर ली और फिर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपी बार-बार फोन कर धमकी देता था कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा के डर से अधिवक्ता प्रमोद कुमार ने कई बार उसे पैसे भी दिए। पुलिस के अनुसार, इस दौरान उनसे करीब 19 लाख 35 हजार रुपये की ठगी की गई। इसके बावजूद जब आरोपी की मांगें नहीं रुकीं, तो उन्होंने अंततः पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और आईपी एड्रेस की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें कई संदिग्ध चैट और लेनदेन के सबूत मिले हैं। पुलिस अब इन मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच करा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया से नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें लेकर फर्जी प्रोफाइल बनाया करता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।