सीतामढ़ी में एक मां ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां के शिकायत पर पुलिस ने कब्र खोदकर शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़िता की मां का आरोप है कि घटना के बाद बिना उसकी अनुमति के शव को दफना दिया गया था।
बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस ने कब्र खोदकर एक नाबालिग लड़की का शव बाहर निकाला है। दरअसल, बेलसंड थाना क्षेत्र के पताही पंचायत स्थित भोरहा टोला घुसुकपुर गांव की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया था। मां की शिकायत के बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
सीतामढ़ी पुलिस के अनुसार, भोरहा टोला घुसुकपुर गांव निवासी आसमीन खातून ने आवेदन देकर आरोप लगाया है कि मो. भांगर शेख, मो. रियाज, गुलाब दर्जी, अली दर्जी, फिरोज दर्जी, मायरा खातून समेत कई अन्य लोगों ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति इब्राहिम शेख और पुत्र इमरान मुंबई में मजदूरी करते हैं। तीन अप्रैल को वह गेहूं की दौनी कराने सुंदरपुर गई थी और उसकी बेटी घर में अकेली थी। महिला के अनुसार, काम से लौटने पर उसने देखा कि उसकी बेटी घुटनों के बल पड़ी हुई थी और उसके गले में दुपट्टा लिपटा था। उसने जब शोर मचाने की कोशिश की, तो आसपास के लोगों ने उसे चुप करा दिया। आरोप है कि बाद में उसकी मर्जी के बिना ही बेटी के शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया।