Bihar Weather: बिहार में तेज पछुआ हवा के कारण ठंड में वृद्धि हुई है। इस हवा की गति 10 से 30 किमी प्रति घंटे तक बनी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को अधिक कंपकंपाहट महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में सुबह और देर रात हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है।
Bihar Weather: बिहार में ठंड ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। तेज पछुआ हवाओं की वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन में धूप रहने के बावजूद भी लोगों को ठंडक महसूस हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि अगले चार दिनों तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और कुछ जिलों में कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।
ये भी पढ़ें
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 4 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। हवा की रफ्तार तेज होने से अभी ठंड और बढ़ेगी। बुधवार को भी दिन और रात के तापमान में गिरावट की स्थिति जारी रहेगी। बीते 24 घंटों के दौरान दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली। पश्चिम चंपारण में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकांश जिलों में रात का तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
IMD के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे का अलर्ट रहेगा। गंगा के मैदानी इलाकों में लंबे समय तक धुंध रहने की उम्मीद है। इसके अलावा, ज़्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की पश्चिमी हवाएं चलेंगी।
अगले तीन दिनों में सुबह और देर रात के समय पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, किशनगंज, औरंगाबाद, बांका, भागलपुर, सासाराम और कैमूर ज़िलों के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे का अनुमान है। पटना में भी सुबह के समय कोहरा रहने की उम्मीद है। इन इलाकों में दृश्यता घटकर 500 मीटर या उससे कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान (साइक्लोन सेन्यार) बनने की उम्मीद है, जिसका असर आस-पास के इलाकों पर पड़ सकता है। हालांकि, इसके असर से बिहार में बारिश की कोई ठोस संभावना अभी नहीं देखी गई है। मौसम शुष्क रहेगा और ठंडी हवा के कारण सुबह और रात के समय ठंडक बनी रहेगी।
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 26.1°C | 15.7°C |
| गया जी | 25.6°C | 11.3°C |
| मुजफ्फरपुर | 25°C | 11.5°C |
| पूर्णिया | 27.6°C | 12.7°C |
| भागलपुर | 25.2°C | 12.4°C |