पटना

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर तेज प्रताप यादव एक्टिव, पार्टी नेताओं संग की बैठक; बोले- जल्द आऊंगा…

जन शक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अब पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में राजनीतिक जमीन तलाशना शुरू कर दिया है। इसी पहल के तहत, उन्होंने आज पटना स्थित अपने आवास पर पार्टी की बंगाल इकाई के नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की।
3 min read
Mar 15, 2026
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बैठक करते तेज प्रताप यादव
अपने आवास पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक करते तेज प्रताप यादव (फोटो- X@TejYadav14 )

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी धीरे-धीरे तेज होने लगी है। इसी बीच लालू यादव के बड़े बेटे और जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बंगाल चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। शनिवार को पटना स्थित उनके आवास पर पार्टी नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें आगामी चुनाव अभियान और संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस बैठक में पश्चिम बंगाल से पार्टी के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें प्रदेश महासचिव संदीप सेट और युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष दीपांकर चौमाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने तेज प्रताप यादव से मुलाकात कर पश्चिम बंगाल में संगठन की स्थिति, चुनावी रणनीति और आने वाले अभियान को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

चुनावी अभियान शुरू करने पर हुई चर्चा

तेज प्रताप यादव के पटना आवास पर हुई बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। नेताओं ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष कुमोद नारायण चौधरी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में संगठन को तेजी से मजबूत किया जा रहा है। इस दौरान सदस्यता अभियान की समीक्षा भी की गई।

जल्द बंगाल जाएंगे तेज प्रताप

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया के जरिए बैठक की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि पार्टी पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और जल्द ही राज्य में चुनावी कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कि बहुत जल्द वे पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगे और जनता के बीच जाकर चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को भी जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है।

दो चरणों में होगा बंगाल चुनाव 2026

चुनाव आयोग ने इस बार पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा बदलाव किया है। पिछली बार के 8 चरणों के मुकाबले इस बार चुनाव केवल दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को कराया जाएगा। परिणाम 4 मई को आएगा।

प्रवासी बिहारी बनेंगे ढाल?

बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें और 6.44 करोड़ मतदाता हैं। तेज प्रताप यादव की नजर विशेष रूप से उन सीटों पर होगी जहां हिंदी भाषी और बिहार से गए प्रवासियों की संख्या अधिक है। हावड़ा, कोलकाता, आसनसोल और उत्तर 24 परगना जैसे जिलों में बिहारी वोटरों की अच्छी-खासी तादाद है, जिसे तेज प्रताप अपना टारगेट मान रहे हैं।

संगठन विस्तार पर जोर

जन शक्ति जनता दल के नेताओं का कहना है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में तेजी से अपने संगठन का विस्तार कर रही है। राज्य में नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। पार्टी के नेताओं के मुताबिक आने वाले दिनों में बंगाल में कई राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से पार्टी अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश करेगी।

मिसेज इंडिया ने ली JJD की सदस्यता

अपने संगठन का लगातार विस्तार कर रही जनशक्ति जनता दल (JJD) में अब ग्लैमर और समाज सेवा का संगम देखने को मिला है। मिसेज इंडिया रहीं मोनिका मनी ने आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के हाथों जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ग्रहण की। मोनिका मनी केवल ग्लैमर जगत का ही बड़ा नाम नहीं हैं, बल्कि वे 2017 से ही शिक्षा, रोजगार और महिला उत्थान जैसे क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हैं। तेज प्रताप यादव ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि मोनिका मनी के जुड़ने से न केवल महिलाओं में पार्टी के प्रति आकर्षण बढ़ेगा, बल्कि समाज सेवा के पार्टी के संकल्पों को भी नई मजबूती और गति मिलेगी।

Updated on:
15 Mar 2026 06:47 pm
Published on:
15 Mar 2026 06:47 pm