
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप यादव के आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद समेत कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में तेज प्रताप यादव ने सोमवार देर रात पटना के सचिवालय थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
तेज प्रताप यादव ने इस चोरी का आरोप अपने निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय पर लगाया है और उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि नकदी के अलावा 4 आईफोन, मैकबुक, आईपैड, सोने की चेन और अंगूठी भी चोरी हुई है। तेज प्रताप यादव ने अपने ड्राइवर और उसके एक सहयोगी पर भी इस घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना 22 जून की है। तेज प्रताप यादव ने इस मामले में थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने निजी सहायक पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि वैशाली जिले के रहने वाले मोतीलाल राय ने उनके हार्डिंग रोड, पटना स्थित आवास से पार्टी फंड के 20 लाख रुपये और कीमती सामान की चोरी की है।
आवेदन में उन्होंने आगे बताया कि घटना वाली रात करीब साढ़े ग्यारह बजे ड्राइवर अनिल यादव ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर घर की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था। तेज प्रताप यादव के अनुसार उनकी आलमारी से नकदी के साथ-साथ 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक लैपटॉप और एक आईफोन भी गायब है।
तेज प्रताप यादव ने कुछ दिन पहले अपने पूर्व सहयोगी आकाश यादव और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आकाश यादव और उनके परिजन उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
इसके साथ ही तेज प्रताप यादव ने अपने बीमार पिता लालू प्रसाद और अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का भी आरोप लगाया था। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि उनकी शिकायत के आधार पर आकाश यादव, उनकी बहन अनुष्का यादव और छह अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।