पटना

‘लालटेन देखकर जनता को लगता है डर’, तेज प्रताप के पुराने बंगले से RJD का चुनाव चिह्न हटाए जाने पर बोले मंत्री

Bihar Politics: पटना में तेज प्रताप यादव के पुराने और मंत्री लखेंद्र पासवान के वर्तमान सरकारी आवास से लालटेन हटाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। मंत्री ने इसे बिहार में बदलते समय और RJD के लालटेन युग के अंत का प्रतीक बताया है।
3 min read
Jun 24, 2026
lakhendra paswan on rjd lantern in bihar politics
तेज प्रताप के पुराने बंगले से हटवाया गया लालटेन

Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल के चुनाव चिह्न लालटेन को लेकर बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान के सरकारी आवास के बाहर हुई एक घटना ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। मंत्री के वर्तमान और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के पुराने सरकारी बंगले (24 स्ट्रैंड रोड) से सफाई के दौरान बड़े से लालटेन को बाहर कचरे के ढेर पर फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को खुद मंत्री लखेंद्र पासवान ने अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, "अब बिहार में इसकी कोई आवश्यकता नहीं ,लोगों ने इसे कूड़ा करकट समझकर कचरा के ढेर पर फेंका।"

लड़के लालटेन को घिसटते हुए फेंक रहे थे - लखेंद्र पासवान

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो को लेकर मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा, "सुबह जब मैं इको पार्क के बगल से मॉर्निंग वॉक करके वापस अपने आवास पर लौट रहा था, तो मैंने देखा कि एक-दो नौजवान लड़के एक लालटेन को बकायदा जमीन पर घसीटते हुए ले जा रहे थे और उसे बाहर सड़क पर फेंक दिया। जब हम लोगों ने उन लड़कों से पूछा कि भाई इस लालटेन को क्यों फेंक रहे हो? तो उन युवाओं ने कहा कि अब इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। इसे घर में रखेंगे तो बिना फालतू के जगह घेरेगा और घर में कचरा बढ़ेगा। इसलिए फेंक रहे हैं।"

लखेंद्र पासवान ने एनडीए सरकार के कार्यों की तुलना करते हुए आगे कहा, "अब डबल इंजन सरकार में वेपर लाइट और एलईडी (LED) का आधुनिक युग आ चुका है। बिहार में अब बिजली 18 घंटे से लेकर 22-23 घंटे तक निर्बाध रहती है। जब बिजली हर वक्त उपलब्ध है, तो लालटेन की क्या जरूरत? बिहार की जनता ने इसे अपने दिलों से बहुत पहले निकाल दिया था, अब घरों से भी निकालकर कचरे में फेंक रही है।"

तेज प्रताप खुद इसे कचरे में छोड़ गए - लखेंद्र पासवान

जब मंत्री लखेंद्र पासवान के घर से लालटेन हटाए जाने के बारे में पूछा गया तो मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, "यह सरकारी आवास कई लोगों का रहा है। मुझसे पहले इस बंगले में तेज प्रताप यादव रहते थे। अब वे ना जाने कचरे के ढेर पर इस लालटेन को कैसे छोड़कर चले गए। आज सुबह जब सरकारी कर्मचारियों द्वारा बंगले को साफ किया जा रहा था, तो सफाईकर्मियों ने इसे उठाकर बाहर कचरे के ढेर पर डाल दिया। तेज प्रताप जी तो लालटेन कब का फेंक चुके हैं, हमारे समझ से। उनके जाने के बाद जो बचा-कुचा कबाड़ था, वो आज साफ हो गया।"

लखेंद्र पासवान ने आगे कहा, "असल बात तो यह है कि इस लालटेन को देखकर ही बिहार की जनता को भय लगता है, पुराना जंगलराज याद आ जाता है। बिहार के लोगों में दोबारा भय का वातावरण न बने, इसीलिए लोग इसे अपने घरों से निकाल रहे हैं। बिहार की जनता के दिलों में अब इसकी नहीं है, इसका सही ठिकाना सिर्फ कचरे का ढेर ही है।"

भरत तिवारी एनकाउंटर पर सरकार का रुख

भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा, "भोजपुर में भरत तिवारी के एनकाउंटर पर सरकार पूरी तरह गंभीर है। मुख्यमंत्री और सरकार के स्तर से इस पर एसआईटी (SIT) टीम के गठन से लेकर उच्च स्तरीय न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। न्यायिक जांच का गठित होना अपने आप में बहुत बड़े मायने रखता है। इस घटना से जुड़े जिन भी पुलिसकर्मियों या लोगों की गलती पाई जाएगी, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो रही है। चूंकि अभी कानूनन प्रक्रिया और जांच चल रही है, इसलिए जांच पूरी होने से पहले इस पर किसी भी तरह का मंतव्य देना कहीं से उचित नहीं है।"

Updated on:
24 Jun 2026 03:32 pm
Published on:
24 Jun 2026 03:12 pm