
Tej Pratap Yadav Vlog: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज की वजह से चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके घर पर हुई चोरी का है। तेज प्रताप यादव ने अपने यूट्यूब चैनल 'TY Vlogs' पर पूरी घटना को रीक्रिएट करके दिखाया और बताया कि उनके घर में कैसे चोरी हुई। उन्होंने पटना के सचिवालय पुलिस स्टेशन में नामजद FIR दर्ज कराई है और अपने PA मोतीलाल राय पर चोरी का आरोप लगाया है।
तेज प्रताप यादव ने सचिवालय पुलिस स्टेशन में दी गई अपनी शिकायत और अपने ब्लॉग में चोरी हुए सामान की जो लिस्ट बताई है, वह काफी लंबी है। तेज प्रताप के मुताबिक, चोर उनके घर से पार्टी फंड के ₹20 लाख कैश जो घर की अलमारी में रखे थे, चार महंगे iPhone, एक Lenovo लैपटॉप, एक MacBook, एक iPad, दो तोले की सोने की चेन, सोने की अंगूठी और सोने का ब्रेसलेट चुराया। तेज प्रताप ने बताया कि आरोपी ने घर के अंदर बने खास IT रूम और उनके निजी कमरे को निशाना बनाया, सारा सामान एक बैग में भरा और वहां से भाग गया।
अपने वीडियो ब्लॉग में तेज प्रताप यादव कैमरे के सामने आते हैं और अपने पूरे घर का मुआयना कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं। इसी दौरान वे अचानक चिल्लाते हैं, "आइए देखिए… देखिए… देखिए… चोर चोर कैसे भाग रहा है वो देखिए।" वीडियो में तेज प्रताप यादव अपने एक स्टाफ से हुडी और पीठ पर बैग टंगवाकर ठीक उसी तरह दौड़ लगवाते हैं, जिस तरह चोर भागा था।
बाउंड्री वॉल की तरफ इशारा करते हुए तेज प्रताप यादव कहते हैं, "बिल्कुल इसी तरीके से ये जो चोर है, इसी तरीके से भागा था। चोर का नाम मैं बता दूं, मोतीलाल नाम था उसका। इसी तरीके से उसने बैग उठाया और बैग लेने के बाद वो दौड़ करके बाउंड्री फांद गया। मैं आपको ब्लॉग के माध्यम से उसको रीक्रिएट करके दिखा रहा हूं कि किस तरीके से वो हरकत हुई थी।" तेज प्रताप ने कहा कि किसी भी आदमी को अपने पास रखिए तो परख कर रखिए, हमसे परखने में भूल हो गई। वह चोर साथ रहकर विश्वासघात कर गया।
सचिवालय थाना में तेज प्रताप यादव की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, चोरी रात में हुई। रात करीब 11:30 बजे, उनके ड्राइवर अनिल यादव और एक अन्य स्टाफ विशाल ने आरोपी PA मोतीलाल राय को घर की ऊंची बाउंड्री वॉल फांदकर भागते हुए देखा, उसने अपनी पीठ पर एक बड़ा बैग लटका रखा था। ये दोनों स्टाफ चोरी के चश्मदीद गवाह हैं। आरोपी मोतीलाल राय वैशाली ज़िले के विशनपुर सैद अली मनियारपुर का रहने वाला है।