पटना

क्या CM में कार्रवाई करने की हिम्मत है? भाजपा MLA का वीडियो शेयर कर तेजस्वी यादव ने पूछा सवाल

BJP MLA controversy: तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर नगर से BJP विधायक रंजन कुमार का एक वीडियो शेयर करके सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अपने गुंडों के साथ एक युवक के घर में जबरन घुस गए और उसके साथ मारपीट की।
2 min read
May 10, 2026
Tejashwi yadav targets samrat choudhary
राजद नेता तेजस्वी यादव

BJP MLA controversy:बिहार की सियासत में मुजफ्फरपुर नगर के भाजपा विधायक रंजन कुमार और एक स्थानीय युवक के बीच हुए विवाद पर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस विवाद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यशैली और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। तेजस्वी ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए पूछा है कि क्या उनमें अपने ही दल के गुंडे विधायक पर कार्रवाई करने का साहस है?

क्या है विधायक का विवाद

भाजपा विधायक और युवक के बीच के विवाद की जड़ एक सोशल मीडिया पोस्ट को बताया जा रहा है। मुजफ्फरपुर के कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार नामक युवक ने विधायक रंजन कुमार के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इन टिप्पणियों से नाराज होकर विधायक रंजन कुमार शनिवार को अपने दर्जनों समर्थकों के साथ सीधे युवक के घर पहुंच गए। तेजस्वी यादव द्वारा शेयर किए गए वीडियो में विधायक और उनके समर्थक वार्ड-48 स्थित युवक के घर में हंगामा करते नजर आ रहे हैं।

क्या बोले तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि मुजफ्फरपुर के भाजपा विधायक ने दो दर्जन गुर्गों के साथ वार्ड नंबर 48 में एक आम आदमी के घर में घुसकर मारपीट की और कानून की धज्जियां उड़ाईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो विधायक की नहीं सुनता, सत्ता के नशे में चूर ये लोग उसका कुछ भी कर सकते हैं।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए लिखा, 'क्या बड़बोले मुख्यमंत्री में हिम्मत है कि गुंडे विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई करें? CM में हिम्मत नहीं है क्योंकि वो पहले जाति देखेंगे, पीड़ित पक्ष की कोई सुनवाई नहीं। गोदी मीडिया भी विपक्ष का MLA होता तभी खबर करती।'

AK-47 से भून देने की मिली धमकी - भाजपा विधायक

दूसरी ओर भाजपा विधायक रंजन कुमार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने मिठनपुरा पुलिस स्टेशन में मुकुंद कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। विधायक का दावा है कि वह युवक लगातार सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रहा था, जिसका मकसद उन्हें बदनाम करना था। जब वह युवक को समझाने-बुझाने के लिए उसके घर गए, तो युवक ने उनके साथ बदसलूकी की। पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में विधायक ने बताया कि मुकुंद कुमार पहले भी AK-47 रखने के एक मामले में जेल जा चुका है और अब उसने उन्हें भी AK-47 से भून देने की धमकी दी है।

जांच कर रही पुलिस

मुजफ्फरपुर पुलिस के अनुसार विधायक के आवेदन के आधार पर मिठनपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों की जांच कर रही है।वहीं, युवक मुकुंद कुमार ने भी पुलिस को एक आवेदन दिया है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि विधायक के समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की।

Updated on:
10 May 2026 01:11 pm
Published on:
10 May 2026 01:10 pm