पटना

हे मां! बिहार को अब जगमगा… तेजस्वी यादव ने नवरात्र के पहले दिन माता से मांगा वरदान, नीतीश पर साधा निशाना

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन, तेजस्वी यादव ने माँ दुर्गा से बिहार की बेहतरी की प्रार्थना की। अपने भावुक वीडियो संदेश में उन्होंने राज्य की समस्याओं, जैसे गरीबी और भ्रष्टाचार, का जिक्र करते हुए नीतीश सरकार पर भी निशाना साधा।
2 min read
Sep 22, 2025
tejashwi yadav | तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव (tejashwi yadav X)

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन, बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे देवी दुर्गा से बिहार की वर्तमान स्थिति को सुधारने के लिए आशीर्वाद मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में उन्होंने राज्य की समस्याओं जैसे गरीबी, पलायन, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, और अपराध के मुद्दों को उठाया और इनसे उबरने के लिए देवी से शक्ति की प्रार्थना की।

तेजस्वी की प्रार्थना में नीतीश पर निशाना

तेजस्वी यादव ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "हे माँ! बिहार ने पिछले 20 वर्षों में गरीबी, पलायन, भूखमरी, अपराध, भ्रष्टाचार, और स्वास्थ्य की बेहाली सबकुछ सह लिया। अब बिहार को इस दु:ख से उबारिए। जनसेवा के लिए तेजस्वी को शक्ति दीजिए, ताकि तेजस्वी हर घर समृद्धि और खुशहाली ला सके और नया बिहार बना सके।" उन्होंने अपनी प्रार्थना में संस्कृत श्लोक "सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके। शरण्ये त्र्यंबके गौरी नारायणि नमोऽस्तुते।।" का उल्लेख किया, जो देवी दुर्गा की स्तुति में है।

तेजस्वी यादव ने माता को जो वीडियो शेयर किया है, उसके भजन में बिहार में पल गिरने, बाढ़ से तबाही, पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज, भ्रष्टाचार, पलायन और बेरोजगारी जैसे मुद्दे को उठाया गया है। उस भजन के बोल कुछ इस प्रकार हैं...

हे माँ! दे आशीर्वाद, अपने तेजस्वी को।
हे माँ! दे आशीर्वाद, अपने तेजस्वी को।

हे माँ मेरी माँ, बिहार को अब जगमगा।
हे माँ मेरी माँ, बिहार को अब जगमगा।

तेरा बेटा है तेजस्वी, तेरा बेटा है तेजस्वी।
तेजस्वी को आशीर्वाद दो, विजय का प्रसाद दो।
हर घर में प्रकाश हो, हर दम वास हो।
बिहार हमेशा आगे बढ़े, तेरा आशीर्वाद हो।

हे माँ मेरी माँ, बिहार को अब जगमगा।
हे माँ मेरी माँ, बिहार को अब जगमगा।

माँ! तू सबकुछ जानती है।
बिहार में जो अशांति है, उससे तेजस्वी ही लड़ सकता है।
वही उजाला कर सकता है।

ये जो भ्रष्टाचार है, हर ओर जो अपराध है, हर दम गिरते पुल हैं,
जो हर घर बहती बाढ़ है।

बच्चा बच्चा आज यहां पलायन को लाचार है,
प्रकाश पुंज बुझ चुका है, हर जगह अंधकार है।

न पढ़ाई है, न दवाई है, सब पर आफत आई है।
घूसखोरी, अत्याचार है, जनता ने लाठी खाई है।

सारी इन बुराइयों का संहार कर दे तू।
हे माँ! हमको वर दे, तू उद्धार सबका कर दे।
बेड़ा पार बिहार का कर दे तू, सुख-समृद्धि हर घर हो।
बिहार ऐसा कर दे तू।

हे माँ मेरी माँ, बिहार को अब जगमगा।

तेजस्वी ने दी बधाई

इससे पहले तेजस्वी यादव ने देशवासियों को नवरात्रि की बधाई देते हुए कहा, 'सभी देशवासियों को नवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ! मां दुर्गा से समस्त श्रद्धालुओं और साधकों में भक्ति व शक्ति का संचार कर सभी का कल्याण करे। माँ के आशीर्वाद से सतत श्रम, साहस, श्रद्धा, विश्वास, आस्था एवं सच्चे मन से प्रयत्न करते रहे, अवश्य अपने लक्ष्य तक पहुँचेंगे। नवरात्रि का पावन पर्व प्रदेश में सुख, शांति, प्रगति एवं समृद्धि लेकर आए।'

Published on:
22 Sept 2025 01:10 pm