पटना

‘ऐरे-गैरे लोगों को बांट रहे सुरक्षा और आवास’, पटना लौटते ही मुख्यमंत्री पर बरसे तेजस्वी यादव

Tejashwi Yadav on Samrat Choudhary: दिल्ली से लौटते ही तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर हमला बोला है। सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने उन्हें चिप मिनिस्टर करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐरे-गैरे लोगों को रेवड़ी की तरह सुरक्षा और आवास बांट रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार का खजाना खाली है और राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है।

2 min read
Jun 09, 2026
Tejashwi Yadav
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव (Photo - ANI)

Tejashwi Yadav attacks Bihar CM: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को दिल्ली से पटना पहुंचते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा, "मुख्यमंत्री बनने के बाद भी सम्राट चौधरी की सोच में कोई भी परिवर्तन नहीं आया है। वे भले ही सूबे के मुख्यमंत्री बन गए हों, लेकिन वे चीफ मिनिस्टर नहीं, बल्कि चीप मिनिस्टर हैं।" तेजस्वी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के पास बिहार के विकास के लिए कोई नीति या नियत नहीं है, वे सिर्फ संकीर्ण मानसिकता और अवसाद के शिकार हैं।

ऐरे-गैरे लोगों को रेवड़ी की तरह बांटी जा रही सुरक्षा और आवास

तेजस्वी यादव ने लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती और आवास विवाद को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ज्वलंत जनसमस्याओं और अपनी नीतिगत विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए आवास और सुरक्षा जैसे गैर-जरूरी मुद्दों को तूल दे रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "बिहार के चिप मिनिस्टर एनडीए के किसी भी ऐरा-गैरा नत्थू खेरा तथा अयोग्य, अक्षम, कुपात्र, भ्रष्ट और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सरकारी खर्च पर उच्च कोटि की श्रेणी की सुरक्षा और आवास बिना किसी मानक के रेवड़ी की तरह बांट रहे हैं।"

लालू परिवार ने खुद ही लौटा दी सिक्योरिटी

सुरक्षा को लेकर यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राज्य के गृह विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा श्रेणी को घटाने का फैसला किया। सरकार के इस कदम से नाराज होकर लालू परिवार के सदस्यों ने पूरी सरकारी सुरक्षा को वापस लौटा दिया। इसी नाराजगी का असर पटना एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला, जब दिल्ली से लौटने के बाद तेजस्वी यादव बिना किसी सरकारी एस्कॉर्ट के ही अपने आवास के लिए रवाना हो गए।

तेजस्वी ने कहा, "सुरक्षा और आवास हमारे लिए कोई मुद्दा नहीं हैं। जिन्हें डर है, उन्होंने सुरक्षा ले रखी है। हमें किसी बात का डर नहीं है। हमारी जनता और हमारे बहादुर कार्यकर्ता संघर्ष में हमारे साथ हैं।"

खजाना खाली, पेपर लीक और भ्रष्टाचार चरम पर - तेजस्वी यादव

इसके अलावा तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार का खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है और कर्मचारी, व्यापारी, किसान, नौजवान, मजदूर, छात्र व शिक्षक समेत समाज का हर वर्ग इस दिशाहीन सरकार में त्राहिमाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध, गरीबी और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। NEET जैसी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा-स्वास्थ्य और विधि व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। तेजस्वी ने अंत में कहा कि ऐसे नौसिखिए लोगों के हाथ में बिहार जैसे समृद्ध प्रदेश की बागडोर होना किसी आपदा से कम नहीं है, लेकिन सही समय आने पर सूबे की जनता इन सबको करारा जवाब देगी।

Updated on:
09 Jun 2026 03:20 pm
Published on:
09 Jun 2026 03:17 pm