
तेजप्रताप यादव ने शुक्रवार देर रात पटना के सचिवालय थाने में अपनी कथित गर्लफ्रेंड के भाई आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आकाश यादव पर जान से मारने की साजिश रचने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। तेजप्रताप ने थाना परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आकाश की ओर से उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और वह शुरू से ही उनकी छवि को खराब करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है और ऐसे में उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। तेजप्रताप का आरोप है कि आकाश यादव उनके विरोधियों के साथ मिलकर उनके और उनके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहा है।
एफआईआर में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कुछ लोग उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि उनके समर्थकों की नजर पड़ते ही वे लोग भाग गए। तेजप्रताप यादव ने सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है। गौरतलब है कि राबड़ी देवी समेत लालू परिवार के कई सदस्यों ने हाल ही में अपनी सरकारी सुरक्षा वापस कर दी थी।